राजाजीपुरम। सआदतगंज के बीबीगंज चिकमंडी निवासी इंटर के छात्र मोहम्मद सैफ (18) के लापता होने का मामला 28 दिन बाद नया मोड़ ले गया। पुलिस ने परिजनों को बताया कि सैफ की 14 जून की रात बाराबंकी के सफेदाबाद में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पहचान न होने पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया था। अब सैफ के पिता ने उसके दोस्त समेत तीन लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।
सैफ की मां यास्मीन बानो ने 17 जून को बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पिता मोहम्मद आसिफ के अनुसार, 14 जून की शाम करीब छह बजे सैफ घर से निकला था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। 28 दिन बाद पुलिस ने जानकारी दी कि डिवाइडर से बाइक टकराने से सैफ की मौत हो गई थी। सोमवार को उन्होंने सैफ के दोस्त अली, लकड़मंडी निवासी सुमित गुप्ता और मरी माता बरौरा निवासी मुस्कान पर आरोप लगाया कि तीनों ने बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या की और घटना को सड़क हादसे का रूप दे दिया।
सिर में चोट से मौत की पुष्टि, चोरी की थी बाइक
इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने और कोमा में जाने से मौत की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय बाइक अली चला रहा था। यह बाइक उन्नाव से चोरी की गई थी। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी मुस्कान पर दो माह पहले अपने पूर्व पति पर चाकू से हमला करने का आरोप लग चुका है।
अली ने सैफ के परिजनों को नहीं दी थी घटना की जानकारी
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद अली ने घटना की सूचना किसी को नहीं दी और अपने घर सीतापुर चला गया। इससे उस पर शक और गहरा गया। मोहम्मद आसिफ ने यह भी बताया कि सैफ का मोबाइल खराब था। घटना वाले दिन अली ने उनके नंबर पर फोन कर सैफ से बात की थी। इसके बाद वह घर से निकला। उन्होंने आरोपियों पर अवैध व्यापार में लिप्त होने का आरोप लगाया है।