फैजाबाद जिले के रौनाही थानाक्षेत्र के सोहावल चौराहे पर स्थित एक मकान में रविवार रात 10 बजे अवैध पटाखों के जखीरे में विस्फोट हो गया। लोग मौके पर पहुंचे तो अप्सरा टेलर के मकान की छत उड़ चुकी थी।
मौके पर बारूद की गंध फैली हुई थी। पुलिस ने मलबे से दो लोगों को घायल अवस्था में निकाला। इस हादसे में घायल उद्दन की जिला अस्पताल में मौत हो गई और उसकी पत्नी आलिया को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया है।
सोहावल चौराहे पर दो मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में बेनीपुर गांव का निवासी उद्दन परिवार के साथ किराये पर रहता था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध थीं। अचानक रविवार रात दस बजे घर में तेज धमाका हुआ। लोग मौके पर पहुंचे तो चारों तरफ मलबा बिखरा था।