लखनऊ। एलडीए की सुल्तानपुर रोड स्थित आईटी सिटी और आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार आवासीय योजना में सड़क निर्माण के लिए अब स्थानीय काली मिट्टी का इस्तेमाल नहीं होगा। इसकी जगह बाहर से अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी मंगाई जाएगी। सड़क के दायरे में जहां काली मिट्टी है उसे भी हटाया जाएगा।
करीब 10 दिन पहले आईटी सिटी में सड़क निर्माण कर रही निजी एजेंसी ने एलडीए को पत्र लिखकर मिट्टी की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। एजेंसी का कहना था कि प्रस्तावित मास्टर प्लान रोड वाले हिस्से में पहले धान की खेती होती थी। यहां की मिट्टी में पानी रुकने के कारण बारिश के बाद भराई वाला हिस्सा गीला हो गया है। तीन बार जुताई कर मिट्टी सुखाने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली।
एजेंसी के मुताबिक यह मिट्टी चिकनी और ब्लैक कॉटन जैसी है जो पानी मिलने पर फूलती और सूखने पर सिकुड़ती है। ऐसी मिट्टी पर सीधे सड़क बनाने से भविष्य में उसके धंसने और दरारें पड़ने का खतरा है। इसलिए एजेंसी ने बाहर से अच्छी मिट्टी लाकर 500 मिमी मोटी परत बिछाने या 150 से 200 मिमी मोटी बालू की परत डालने का सुझाव दिया था। साथ ही कहा था कि स्थानीय मिट्टी का इस्तेमाल तभी किया जाएगा, जब एलडीए इसके लिए लिखित आदेश देगा।
वरुण विहार में भी सलाहकार ने जताई थी चिंता
एलडीए की आवासीय योजनाओं के सलाहकार और पूर्व मुख्य अभियंता अवनींद्र सिंह ने पिछले महीने आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार योजना में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने एलडीए उपाध्यक्ष, सचिव और मुख्य अभियंता को रिपोर्ट भेजी थी। इसमें कहा गया था कि योजना की स्थानीय मिट्टी सड़क के नीचे इस्तेमाल करने योग्य नहीं लग रही है। इससे बारिश के दौरान सड़क को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने मिट्टी की जांच कराने के बाद ही उसके इस्तेमाल की सलाह दी थी।
Iकाली मिट्टी सड़क निर्माण के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके इस्तेमाल से सड़क जल्द खराब हो सकती है। इसलिए इसकी जगह अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी डालने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क के दायरे में आने वाली काली मिट्टी को हटाया भी जा रहा है।I
I
- मानवेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता, एलडीएI