उत्तर प्रदेश में ब्लैक फंगस कहर बरपा रहा है। गाजियाबाद, झांसी, मथुरा और सूबे की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को कई मरीज मिले हैं। गाजियाबाद में ब्लैक फंगस के शिकार हुए एक मरीज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। गाजियाबाद-झांसी-मथुरा और लखनऊ में इस बीमारी का कहर जानने के लिए पढ़ें ये रिपोर्ट...
लखनऊ में चार लोगों को शिकार बना चुका है ब्लैक फंगस
ब्लैक फंगस ने सूबे की राजधानी लखनऊ में बीते 24 घंटे में छह मरीजों की जान ले ली। इनमें से चार मरीजों की मौत केजीएमयू तो दो मरीजों ने एसजीपीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लखनऊ में अब तक 13 मरीजों की जान जा चुकी है। बृहस्पतिवार को ब्लैक फंगस के लक्षण वाले 40 नए मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किए गये। इनमें से 34 में ब्लैक फंगस संक्रमण मिला है। बाकी छह की रिपोर्ट आनी शेष है।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि यहां अब तक 73 मरीज भर्ती हो चुके हैं। जिन चार मरीजों की मौत हुई है, उनमें मेरठ की 38 वर्षीय महिला, कानपुर के 73 वर्षीय बुजुर्ग, गोरखपुर की 62 वर्षीय महिला व फैजाबाद की 65 वर्षीय महिला थी। एसजीपीजीआई में मरने वाला एक मरीज प्रयागराज और दूसरा गोरखपुर का रहने वाला था। यहां ब्लैक फंगस के 16 मरीज भर्ती हैं। उधर, फैजाबाद रोड स्थित चंदन हॉस्पिटल में भी ब्लैक फंगस के 10 मरीज भर्ती किए गए हैं, जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 20 हो गई है। सिप्स हॉस्पिटल में ब्लैक फंगस पीड़ित 13 मरीजों का इलाज चल रहा है।
गाजियाबाद में 57 वर्षीय मरीज को लील गया ब्लैक फंगर, लापरवाही का आरोप
गाजियाबाद में ब्लैक फंगस से पीड़ित एक मरीज को इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई है। अभी जिले में 25 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है। नूरनगर सिहानी में रहने वाले पुष्पेंद्र ने बताया कि उसके पिता राजा राम (57) को 24 अप्रैल को बुखार आया था। दो मई को कोरोना की पुष्टि हुई थी। संजयनगर स्थित कोविड लेवल-2 में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज में लापरवाही से सांस की दिक्कत होने लगी। इसके बाद वसुंधरा के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्हें इलाज के दौरान स्टेरॉयड दिया गया था। धीरे-धीरे उनकी आंखों की पुतलियां टेढ़ी हो गईं। इसके बाद डॉक्टरों ने कहा कि ईएनटी सर्जन को दिखाइए। परिजन उन्हें राजनगर ईएनटी अस्पताल में ले गए, लेकिन दवाई उपलब्ध नहीं हो पाई। इस मामले में सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता का कहना है कि अभी किसी मौत के बारे में कोई सूचना नहीं है।