इंदिरानगर के वैशाली इंक्लेव में रहने वाले पार्थ श्रीवास्तव (28) ने बुधवार की सुबह फांसी लगा ली। गंभीर हालत में परिवारीजन इलाज के लिए लोहिया अस्पताल लेकर गये। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पार्थ एक निजी सोशल मीडिया सेल के लिए काम करता था। यह सेल सरकार के लिए काम करती है। परिवारीजनों ने एक सुसाइड नोट का जिक्र किया है। जिसमें पार्थ ने अपने कुछ वरिष्ठ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने इस सुसाइड नोट के मिलने से इंकार किया है।
इंदिरानगर सेक्टर-9 के वैशाली इंक्लेव में रहने वाले रवींद्र नाथ श्रीवास्तव का बेटा पार्थ एक सोशल मीडिया सेल में काम करता था। यह मीडिया सेल उत्तर प्रदेश सरकार के लिए काम करती है। बुधवार को उसने अपने घर में फांसी लगा ली। उसका शव कमरे में लटका देख पिता ने आनन-फानन में नीचे उतारा और राम मनोहर लोहिया में लेकर गये। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रवींद्र श्रीवास्तव ने इसकी जानकारी इंदिरानगर पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।