भाजपा ने किसान, महिला, दलित, पिछड़े, गरीब और वंचित वोट बैंक को साधने के लिए 75 घंटे की योजना बनाई है। प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल के सभी पदाधिकारियों को प्रतिदिन आठ घंटे कार्यक्रमों में शामिल होना होगा। किसान मोर्चा की ओर से किसानों के लिए विधानसभा क्षेत्र स्तर पर वृक्षारोपण और तालाब सफाई कराई जाएगी। सीएचसी और आंगनबाड़ी केंद्र पर महिलाओं के निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को सौंपी गई है। अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से दलित बस्तियों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक को बनाया गया है।
बूथ को यूं बनाएंगे मजबूत
बूथ को मजबूत बनाने के लिए बूथ संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। जिले में रहने वाले जनप्रतिनिधियों, प्रदेश, क्षेत्र व मंडल के पदाधिकारियों को एक-एक शक्ति केंद्र आवंटित किया जाएगा। शक्ति केंद्र के सभी बूथों पर एक से दो पदाधिकारी प्रतिदिन 8 घंटे रहेंगे और बूथ कार्यकर्ता के साथ घर-घर संपर्क कर लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। युवाओं और महिलाओं के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी, समाज के प्रभावी व्यक्ति के घर भोजन करेंगे और लाभार्थियों को पौधा भेंटकर वृक्षारोपण कराएंगे।
जनता के सामने रखा जाएगा रिपोर्ट कार्ड
भाजपा 1 से 15 जून तक ‘रिपोर्ट टू नेशन’ कार्यक्रम के जरिये मोदी सरकार के आठ वर्ष की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगी। 1 जून को प्रदेश मुख्यालय और जिला स्तर पर 2 या 3 जून को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सरकार की उपलब्धियों की पॉकेट डायरी भी बांटी जाएगी।