फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Inflation: महंगाई पर बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कहा- जनता को देना होगा सहयोग, पूरी दुनिया का यही हाल है

Mon, 16 May 2022 12:02 AM IST
ishwar ashish अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया में महंगाई है। जनता को सहयोग देना होगा जिससे कि इससे निकला जा सके।
विज्ञापन
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि कोविड और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण एक जगह से दूसरे स्थान पर सामान आने-जाने में दिक्कत आई। इससे सप्लाई चेन जितने आराम से चलनी चाहिए थी, वह नहीं चली। इसके कारण महंगाई आई। सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में महंगाई आई है। ऐसे में जनता को सहयोग करना होगा, ताकि इससे निकला जा सके।

विज्ञापन


राजनाथ ने सीएमएस गोमती नगर विस्तार में आयोजित गोमती नगर जनकल्याण समिति के वार्षिकोत्सव में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में सबसे अच्छे माने जाने वाले अमेरिका में 40 वर्षों की सबसे अधिक महंगाई है। ऐसे में यह एक बड़ी चुनौती के साथ संकट भी है। इसलिए इस संकट से उबरने में सभी को सहयोग करना होगा। पीएम मोदी ने इस संकट की घड़ी में भी मोर्चा संभाला और महंगाई को बहुत बढ़ने नहीं दिया। महंगाई के बावजूद कारोबार में तेजी है, जिसके चलते जीएसटी के रूप में कई करोड़ रुपये जमा हुए हैं।

जनता का भरोसा बनाए रखना नेताओं की चुनौती
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को गोमती नगर विस्तार स्थित सीएमएस में आयोजित कार्यक्रम में कहाकि आजाद भारत के इतिहास में नेताओं की कथनी और करनी में फर्क आया है। इससे जनता में उनके प्रति विश्वास कम हुआ है। ऐसे में राजनीतिक क्षेत्र में काम करने वालों को प्रयत्न जरूर करना चाहिए, ताकि जनता का भरोसा बना रहे। वे गोमती नगर जनकल्याण महासमिति के वार्षिकोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन


राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी इस उम्र में भी 18 घंटे काम करते हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक के लिए चिंता करते हैं। बताया कि भ्रष्टाचार कम करने के लिए जनधन खाते खोले गए। किसान सम्मान निधि व सरकार की अन्य योजनाओं का पैसा सीधे लोगों के एकाउंट में आया। डिजिटल इंडिया का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में एक भिखारी क्यूआर कोड बनवाकर भीख ले रहा था।

रक्षामंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अब विश्व हमारी बातों को गंभीरता से लेता है। रूस-यूक्रेन संकट में भारत ने बिना किसी के दबाव में आए तटस्थ नीति को अपनाया। रक्षामंत्री ने बताया कि पीएम ने रक्षा क्षेत्र के उपकरण खरीदने के लिए 85 हजार करोड़ का बजट रखा है। इनमें 69 फीसदी भारत की सरकारी कंपनी से व बाकी का भारत की प्राइवेट कंपनी से हथियार खरीदने में खर्च होगा। मौके पर विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर संयुक्ता भाटिया, एमएलसी राम चंद्र प्रधान, पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला, सीएमएस के संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी थे।

विज्ञापन

छोटी-छोटी समितियां बनाएं और क्षेत्र की समस्याएं दूर करें

रक्षामंत्री ने कहा कि अपने क्षेत्र की समस्याएं दूर करने के लिए समितियां बनाएं। ऐसा छोटे-छोटे इलाकों में भी हो, ताकि परेशानियां दूर होेने के साथ आपकी आवाज को ऊपर तक पहुंचाया जा सके। कहा कि गोमती नगर जनकल्याण महासमिति बहुत सक्रिय समिति है। छोटे इलाकों व सभी कॉलोनियों में भी ऐसी समितियां बनें। अवसर पर उन्होंने स्मारिका (लखनऊ कल-आज और कल) का विमोचन भी किया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग प्रस्तुति से हुई। इस दौरान महासमिति की ओर से अध्यक्ष डॉ. बीनएन सिंह व महासचिव राघवेंद्र शुक्ला ने रक्षामंत्री व उपमुख्यमंत्री को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें कठौता वाटर वर्क्स में जलाशय क्षमता बढ़ाने, सर्विस ट्रे बनाने, नए नगर निगम बनाने, शहीद पथ के समानांतर मेट्रो रेल का निर्माण की मांग रखी। राजनाथ सिंह ने इन्हें  पूरा करवाने का आश्वासन दिया।

इनका हुआ सम्मान
कार्यक्रम में रक्षामंत्री ने उत्कृष्ट सेवा के लिए छह लोगों को सम्मानित किया। इनमें डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की डायरेक्टर डॉ. सोनिया नित्यानंद, ब्राह्मण परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव शंकर अवस्थी, ड्रोन मैन ऑफ इंडिया मिलिंद राज, विधानसभा में विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके डॉ. अरुणेंद्र चन्द्र अवस्थी, नेशनल एथलीट व आईटीएफ टेनिस कोच अमरेंद्र सिंह चौधरी व ग्रेजुएट ब्रेन-ओ-ब्रेन (2019) अर्नव शुक्ला थे। इस मौके पर डॉ. प्रीति श्रीवास्तव, अनामिका चतुर्वेदी, राम तिवारी, मोनिका कुमारी, रेखा चतुर्वेदी, पूर्णिमा पुष्पक, शालिनी चौबे, अशोक गुप्ता, अरविंद गुप्ता, विनय कृष्ण पांडेय, संतोष त्रिपाठी, राकेश श्रीवास्तव, सुशील त्रिपाठी, गिरीश श्रीवास्तव, सुशील त्रिपाठी, गिरीश श्रीवास्तव, राजय कुमार, अशोक दीक्षित अजय गर्ग, रेखा त्रिपाठी, श्रद्धा मालवीय, पिंकी शुक्ला, अंशुल मिश्रा, अवधेश मिश्र, शैलेंद्र पांडेय आदि थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें