नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ और अमित शाह
- फोटो : सोशल मीडिया
विपक्षी दलों द्वारा 2024 के लोकसभा चुनाव में हिंदुत्व में सेंध लगाने को संघ परिवार सामान्य बात नहीं मान रहा है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से संघ परिवार बिखरी हिंदू जातियों को फिर से एकजुट करने की कोशिश में जुटा है। हरियाणा चुनाव से ठीक पहले सीएम योगी के बंटेंगे तो कटेंगे के बयान ने जिस तरह से हिंदुओं को फिर एकजुट करता दिखा है उसके बाद से ही भाजपा और संघ के लिए यह बयान और महत्वपूर्ण बन गया है। माना जा रहा है कि हरियाणा चुनाव में इसका खासा असर भी दिखा है।
मंदिर में गोसेवा करते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
संघ परिवार के सूत्रों की मानें तो सीएम योगी आदित्यनाथ के बंटेंगे तो कटेंगे एजेंडे को पीएम मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के बाद अब सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने आगे बढ़ाकर बड़ा संदेश दिया है। इससे यह स्पष्ट हो गया कि शुरुआत से ही प्रखर हिंदुत्व का चेहरा रहे योगी आज भी संघ और भाजपा के लिए बड़े हिंदू ब्रांड हैं। मीडिया के सामने इस बयान पर अपना नजरिया स्पष्ट करके होसबाले ने यह भी साफ कर दिया है कि बटेंगे तो कटेंगे नारा न तो अकस्मात था और न ही संयोग, बल्कि संघ परिवार की रणनीति का हिस्सा है। इसे भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए हिंदुत्व के एजेंडे पर आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसा करके संघ परिवार ने एक तरह से यह भी संदेश दिया है कि योगी का यह नारा संघ परिवार के भी एजेंडे का प्रमुख हिस्सा होगा।