भाजपा अध्यक्ष ने अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों से संविधान दिवस मनाने के लिए सारी तैयारियां 12 नवंबर तक कर लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सतत संपर्क की परंपरा के साथ आगे बढ़ना है।
पार्टी के संकल्प ‘सबका साथ-सबका विकास’ के साथ सबका विश्वास जीतने के लिए सदैव कार्य करना है। एक समय पंडित दीन दयाल उपाध्याय जब सौ घरों की कुंडी खटखटाते थे तब कहीं एक-दो घरों के किवाड़ पानी पिलाने के लिए खुलते थे।
पर, पं. दीनदयाल जैसे कर्मयोगी लोगों के घरों की कुंडियां बजाते रहे। लोगों ने पंडित जी द्वारा शुरू की गई सतत संपर्क की परंपरा को आगे बढ़ाया। नतीजतन भाजपा आज संसार की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सफलता के बावजूद संपर्क और संवाद की परंपरा को जारी रखना जरूरी है। सफल होने का मतलब और अधिक काम करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार है, जिसमें प्रत्येक सदस्य को एक-दूसरे के सुख-दुख में बाराबर शामिल रहना चाहिए।
कार्यकर्ता सक्रियता से पार्टी का काम करें क्योंकि यही आपको कार्यकर्ता से नेता बनाएगी और आप में से ही कोई राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बनेगा। बैठक को प्रदेश महामंत्री व अनुसूचित मोर्चा प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल, अनुसूचित मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर ने भी संबधित किया।
मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शेषनाथ आचार्य, डी.पी. भारती व अशोक वर्मा ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा सभी के समक्ष रखी।