बमुश्किल पांच महीने पहले बीजेपी से जुड़े पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र सुनील शास्त्री का कहना है कि यूपी में भाजपा पैंसठ सीटें जीतने में कामयाब रहेगी।
शास्त्री के अनुसार भाजपा को मोदी के कारण वोट मिलेगा। लोग एक मजबूत प्रधानमंत्री चाहते हैं जो उन्हें नरेंद्र मोदी में दिख रहा है, इस वजह से वे अन्य नेताओं को नहीं देखकर मोदी के नाम पर पार्टी को वोट करेगी।
शुक्रवार को लखनऊ में अपने आवास में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होने दावा किया प्रदेश में सभी दल मिलकर भी 15 से कम सीटों में ही सिमट जाएंगे और बीजेपी 65 से अधिक सीट पर जीत हासिल करेगी।
हालांकि अभी तक जारी हुए सर्वे में भाजपा को प्रदेश में लगभग चालीस सीटें जीतते हुए दिखाया गया है।
हाइप बिना चुनाव कैसा
मोदी को मिल रही हाइप को पूर्व सांसद सुनील शास्त्री ने ईमानदारी से स्वीकारा और कहा कि हाइप के बिना चुनाव कैसा?
वह यह कहने से भी नहीं चूके कि मोदी की वजह से राजनाथ सहित भाजपा के सभी उम्मीदवारों को प्रदेश में वोट मिलेंगे।
बीजेपी में कुछ पुराने नेताओं को हाशिए पर भेजे जाने पर सुनील शास्त्री बोले कि पार्टी के प्रति जो नेता वफादार रहे हैं उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां दी जाएंगी, और जसंवत सिंह सहित जो नेता भाजपा से अलग हुए हैं।
उनके लिए पार्टी का दरवाजा खुला है। वे भाजपा की विचारधारा में विश्वास जताएं तो वापसी कोई बड़ी बात नहीं है।
मोदी के पक्ष में बना माहौल
गौरतलब है कि कल नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से नामांकन किया, वहीं रोड शो के दौरान उन्हें भारी जनसमर्थन मिला। हालांकि कांग्रेस ने भाजपा पर प्रायोजित ढंग से भीड़ लाने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस पर आपत्ति भी जताई कि एक व्यक्ति के लिए स्कूल, कॉलेज सब बंद कर दिया जाता है।
मोदी को मिल रहे जनसमर्थन और मीडिया हाइप के आधार पर आकलन किया जा रहा है कि भाजपा को प्रदेश में बड़ी कामयाबी मिलेगी।
भाजपा थिंक टैंक का मानना है कि मोदी को वाराणसी से चुनाव मैदान में उतारने पर पूर्वांचल की सीटों पर भी पार्टी को लाभ हो सकता है।