भाजपा के एजेंडे में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, लालबहादुर शास्त्री और लोकनायक जयप्रकाश नारायण भी शामिल हो गए हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने गांधी व शास्त्री की जयंती 2 अक्तूबर से जयप्रकाश की जयंती 11 अक्तूबर तक स्वच्छता अभियान चलाने का फैसला किया है।
इस अभियान में भाजपा के छोटे व बड़े सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता श्रमदान कार्यक्रमों का आयोजन कराएंगे। ये नेता उसमें शामिल होंगे और लोगों को भी जोड़कर उनके साथ श्रमदान में शामिल होकर सफाई करेंगे। यह कार्यक्रम गांव और शहर सभी जगह चलेगा।
यह फैसला मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को पूरे प्रदेश में अंत्योदय दिवस के रूप में मनाने का फैसला भी हुआ।
सरकार ने विदेशों से काला धन लाने को उठाए कदम
बैठक में विशेष सदस्यता अभियान को हर हाल में 30 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जम्मू-कश्मीर आपदा में भाजपा की तरफ से अधिकाधिक सहयोग जुटाने का आह्वान किया गया।
भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बैठक के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय की जंयती अंत्योदय दिवस के रूप में पूरे प्रदेश में ब्लाक स्तर पर मनाई जाएगी। इस मौके पर जगह-जगह कार्यक्रम होंगे।
इसमें मोदी सरकार के तीन महीने के कामकाज के बारे में जनता को बताया जाएगा। सरकार ने विदेशों से काला धन लाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
प्रमाण पत्रों को स्वयं प्रमाणित करने का अधिकार देना व जन-धन योजना जैसे फैसले भी जनहित में हैं।
जन-धन योजना की निगरानी और प्रचार
प्रवक्ता ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता 25 सितंबर से 2 अक्तूबर के बीच प्रधानमंत्री जन-धन योजना का प्रचार-प्रसार करेंगे। आम आदमी को इसका लाभ मिले इसके लिए अभियान चलाएंगे।
निगरानी करेंगे कि बैंकों में लोगों के खाते खुल जाएं और समाज के सबसे निचली इकाई का व्यक्ति व गरीब लाभान्वित हो। विशेष कर मलिन बस्तियों में कार्यक्रम होंगे। लोगों को जन-धन योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रशिक्षण का काम पूरा करें: पार्टी ने तय किया है कि अक्तूबर में सभी क्षेत्रों के प्रशिक्षण पूरे कर लिए जाएं। प्रदेश कार्यसमिति की अगली बैठक विन्ध्याचल में दिसंबर के प्रथम सप्ताह में होगी। डेढ़ दिन कार्यसमिति की बैठक होगी और बाकी डेढ़ दिन प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा।