जल्द ही मठ-मंदिरों पर भगवान के साथ-साथ मोदी का गुणगान भी होता दिखे या सुनाई दे तो हैरान होने की बात नहीं है।
भगवा खेमा ने मोदी को गद्दी पर पहुंचाने के लिए इस तरह की भी एक योजना बनाई है। इसके तहत भगवान की आरती व भोग में शामिल होने के लिए आने वाले भक्तों को नरेंद्र मोदी के काम-धाम के प्रताप की भी जानकारी दी जाएगी।
इसके लिए मठ-मंदिरों सहित अन्य धार्मिक स्थानों की सूची तैयार कराई जा रही है। सूची बनाने की जिम्मेदारी भाजपा के जिलाध्यक्षों को सौंपी गई है।
उनसे कहा गया है कि मठ-मंदिरों के पुजारियों से संपर्क करके उनके नाम सहित इस सिलसिले में पूरा ब्यौरा तैयार किया जाए, जिसमें इनके मोबाइल नंबर या संपर्क सूत्र का भी उल्लेख हो।
पिछले दिनों यहां भाजपा की बैठक में प्रदेश प्रभारी अमित शाह ने इस सिलसिले में जिलाध्यक्षों को कार्ययोजना समझाई। कहा कि सभी जिलाध्यक्ष, मंडल (ब्लॉक), वार्ड व बूथ कमेटियों के प्रभारियों की मदद से उनके क्षेत्र के मठ, मंदिरों, आश्रमों व नदियों की सूची बनाएं।
इनमें पूजा-अर्चना करने वाले पुजारियों व पंडों तथा आश्रमों के महंतों से संपर्क करके उनका भी ब्यौरा तैयार करें। देश की राजनीतिक व सामाजिक परिस्थितियों का ब्यौरा उनके सामने रखकर ‘मिशन मोदी’ में सहयोग मांगें।
समझाएं कि ऐसा न हुआ तो इस्लामी आतंकवाद बढ़ेगा। मुसलमानों के वोट हासिल करने की होड़ में जुटे दल हिंदुओं की भावी पीढ़ियों के लिए तमाम नए खतरे खड़े कर देंगे।
उपलब्ध कराया जाएगा साहित्य
भाजपा इन लोगों को कुछ साहित्य भी उपलब्ध कराएगी, जिसमें वे कारण लिखे होंगे जिनके मद्देनजर भाजपा और मोदी को इस चुनाव में वोट देना जरूरी है।
इस सिलसिले में मोदी के काम-धाम और विकास की योजनाओं का उल्लेख भी साहित्य में होगा। मोदी के नेतृत्व में गुजरात की विकास यात्रा का उल्लेख करने के साथ-साथ वे तर्क भी इस साहित्य में शामिल किए जाएंगे जो लोगों को मोदी को वोट देने के बारे में सोचने को मजबूर कर दे।