भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय का कोई विवाद नहीं है। संगठन ने सरकार बनाई है और सरकार संगठन के एजेंडे पर ही चल रही है। चौधरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के 14वें प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय निकाय और लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत सीटें जिताने का संकल्प दिलाया। कहा, कार्यकर्ताओं के एजेंडे के आधार पर ही सबकुछ होगा।
पदभार ग्रहण समारोह में चौधरी ने कहा कि जनता को बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व सुरक्षा देना और बेईमानी व भ्रष्टाचार खत्म करना संगठन के एजेंडे में है, सरकार उसी पर काम कर ही है तो विवाद किस बात का है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो अपेक्षा की गई है उसे सब मिलकर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर सहित कोर एजेंडे के सभी वादे पूरे किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले बिजली और कानून व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सरकार ने काम किया, तभी 35 साल बाद कोई सरकार दोबारा बनी है। योगी पहले मुख्यमंत्री हैं जो दोबारा मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकांश विधायक, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर भाजपा के हैं, एक राजनीतिक दल के नाते इससे ज्यादा क्या अपेक्षा होगी। उन्होंने कहा कि विचारधारा के आधार पर सरकार और संगठन प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करेंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, सांसद, विधायक, मंत्री और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपात्री, सूर्य प्रताप शाही, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, केशव प्रसाद मौर्य व महेंद्रनाथ पांडेय और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने किया।