स्वतंत्र देव ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल सदन में बहस के बाद पारित हुआ था। सपा अध्यक्ष ने धारा 144 का उल्लंघन किया है। सपा कार्यकर्ता उनका अनुसरण कर रहे हैं। योगी सरकार ने सुनियोजित साजिश को विफल कर प्रदेश में शांति बहाल की है। सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान और कानून-व्यवस्था बनाए करने में जो खर्च आया है, उसकी वसूली उपद्रवी तत्वों से की जाएगी। सीएम के इस निर्णय का हम स्वागत करते हैं।
राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों का विरोध करके दिखाएं
स्वतंत्र देव ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, अनुच्छेद 370, 35ए व ट्रिपल तलाक समाप्त करने और सीएए का निर्णय राष्ट्रहित में किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और अखिलेश यादव में हिम्मत है तो इन निर्णयों का खुलकर विरोध करें।
अटलजी को दलों में न बांधें
स्वतंत्र देव ने कहा कि लोक भवन सरकारी पैसे से बना है, न कि सपा के पैसे से। अटलजी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। उन्हें किसी दल में बांधना उचित नहीं है। अखिलेश यादव सरकारी सुविधाओं का मोह नहीं छोड़ पा रहे। उन्हें सीएम आवास और सुविधाओं की याद सता रही है।
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विपक्षी दलों की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाह का जवाब देने के लिए भाजपा एक महीने तक अभियान चलाएगी। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक सीएए के समर्थन में बैठक, रैलियां, संपर्क अभियान और संवाद कार्यक्रम किए जाएंगे।
भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली जाकर लोगों को सीएए का सच बताएंगे। नागरिकता सहायक शरणार्थियों के पंजीयन का कार्य भी करेंगे। अभियान के लिए प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर और प्रकाश पाल भी अभियान का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएए से किसी भी भारतीय मुस्लिम को परेशानी नहीं होगी। सीएए से भारत में शरण लेने वाले हिंदू, बौद्ध, सिख, ईसाई, जैन और पारसी लोगों के जीवन में आशा, विश्वास और सुरक्षा का नया संचार हुआ है।