सपा के प्रमुख प्रवक्ता और लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए कहा है कि मोदी सरकार किसानों का मजाक न बनाए। उन्होंने मोदी सरकार से देश के किसानों से माफी मांगने की मांग की है। शिवपाल ने कहा कि केंद्र की सरकार ने ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर राहत के नाम पर प्रति किसान सिर्फ 91.19 रुपये दिए हैं।
उल्लेखनीय है, केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने संसद में बयान दिया है कि अधिकतर किसान प्रेम प्रसंगों एवं नपुंसकता के कारण आत्महत्या करते हैं। शिवपाल ने उनके बयान को देश के किसानों का अपमान बताया है।
कहा, किसान पसीना बहाकर व हड्डियां गलाकर देश के लिए अन्न उपजाते हैं। उनके लिए ऐसे विचार अनुचित ही नहीं निंदनीय हैं। यदि केंद्र सरकार किसानों के लिए कुछ कर नहीं सकती तो उनके आत्मसम्मान एवं गरिमा को ठेस तो न पहुंचाए। देश के अन्नदाताओं से मोदी सरकार को माफी मांगनी चाहिए।
केंद्रीय कृषि मंत्री का बयान इस तथ्य को रेखांकित करता है कि खेती-किसानी के मामले में भाजपा नासमझ पार्टी है। उसकी सरकार किसानों के प्रति संवेदनहीन है। राज्यसभा में कृषि मंत्री ने इस सच को उजागर किया है कि सबसे ज्यादा किसानों ने महाराष्ट्र और फिर तमिलनाडु में आत्महत्या की।