बीजेपी ने सोमवार को इलाहाबाद नगर निगम के महापौर पद के लिए प्रत्याशी के रूप में अभिलाषा गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता इलाहाबाद में अभी तक महापौर थीं। दोनों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी का दामन थामा था।
अभिलाषा गुप्ता के नाम की घोषणा होने के साथ बीजेपी ने 14 महापौर पद के प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। लखनऊ से संयुक्ता भाटिया, अलीगढ़ से डॉ. राजीव अग्रवाल, वाराणसी से मृदुला जायसवाल, मथुरा से डॉ. मुकेश आर्य बंधु, झांसी से रामतीर्थ सिंघल, मुरादाबाद से विनोद अग्रवाल, गाजियाबाद से आशा शर्मा और सहारनपुर से संजीव वालिया को महापौर का उम्मीदवार बनाया है। फिरोजाबाद और बरेली नगर निगम के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होना अभी बाकी है।
इलाहाबाद को लेकर कई दिनों से मशक्कत चल रही थी। नेताओं की खींचतान के चलते प्रत्याशी का नाम तय नहीं हो पा रहा था। आखिरकार उच्च नेतृत्व ने हस्तक्षेप कर अभिलाषा गुप्ता का नाम तय कर दिया। इस प्रकार भाजपा के अब तक घोषित प्रत्याशियों में 7 वैश्य बिरादरी के हो गए हैं। इस प्रकार समझा जा सकता है कि जीएसटी को लेकर व्यापारियों में फैली नाराजगी को दूर करने की कोशिश की गई है।