भाजपा के ओबीसी मोर्चा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए प्रो.एसपी सिंह बघेल कहते हैं कि उन्हें अपने गुरु मुलायम सिंह यादव के सारे दांवपेंच अच्छी तरह पता हैं। इसलिए उन्हें भरोसा है कि न सिर्फ यूपी विधानसभा चुनाव बल्कि उससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव में भी वह पिछड़ी जातियों की भाजपा के पक्ष में गोलबंदी करने में काफी हद तक सफल रहेंगे।
उनका यह भी कहना है कि जिस जलेसर सीट से वे तीन बार सांसद रहे वहां भी उनकी अपनी जाति के वोटों की संख्या इतनी नहीं थी कि जिता सकती। निजी सोशल इंजीनियरिंग और सबको साथ रखकर ही वे चुनाव जीते।
वह अनुभव उन्हें भाजपा नेतृत्व की कसौटी पर खरा उतारने में मदद करेगा। उम्मीद है कि वे पिछड़ी जातियों में भाजपा को अच्छे नंबर दिलाने में कामयाब रहेंगे। शनिवार को ‘अमर उजाला’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि बघेल, पाल और धनगर समुदाय से उन्हें दूसरा सांसद बनने का मौका मिला है।