कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उन्होंने हमेशा सरकार की नाकामी को उजागर किया है। जनता के सामने हकीकत रखी है। फिर भी कुछ लोग मिथ्या आरोप लगा रहे हैं। वे मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाकर साजिश रच रहे हैं। कुछ मीडियाकर्मी भी भाजपा की आईटी सेल के लिए काम कर रहे हैं। कहा, ऐसे लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
राफेल के मुद्दे पर सोमवार को जारी बयान में राय ने कहा कि उन्होंने सवाल उठाया कि इतने सारे युद्धक विमान क्या नींबू मिर्ची लटकाने के लिए खरीदे हैं? इनका इस्तेमाल दुश्मनों के खिलाफ क्यों नहीं किया जाता है तो भाजपा की आईटी सेल सक्रिय हो गई। उल्टे मुझ पर ही सवाल उठाने लगा। कुछ इलेक्ट्रॉनिक चैनलों पर सरकार के इशारे पर डिबेट शुरू हुई और जिनकी कभी सरकार से सवाल पूछने की हिम्मत नहीं हुई वे मेरे लिए अपशब्द का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित करके उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा करूंगा। राय ने कहा कि पूरे सुरक्षा तंत्र को धता बता कर आतंकवादी घुसते हैं और 28 निर्दोष लोगों को मारते हैं और भाग जाते हैं, लेकिन भाजपा सरकार खामोश है। वह सिर्फ उस भारतीय के खिलाफ सक्रिय है, जो सरकार की नाकामी पर सवाल उठा रहे हैं।