भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा 22 जनवरी को राजधानी के अटल बिहारी वाजपेयी कनवेंशन सेंटर में प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह 21 जनवरी को योगी सरकार के मंत्रिमंडल और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अश्विनी त्यागी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 21 जनवरी को दोपहर 3 बजे बाद लखनऊ आएंगे।
अमौसी एयरपोर्ट से प्रदेश मुख्यालय तक नड्डा का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नड्डा प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। नड्डा अवध एवं कानपुर क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों और सोशल मीडिया वॉलिंटियर्स की बैठक लेंगे।