फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री व्यवहार सुधारें, मैं नहीं हम की भावना से काम करें : नड्डा

Fri, 22 Jan 2021 12:06 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
जेपी नड्डा का एअरपोर्ट पर स्वागत करते मुख्यमंत्री योगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पंचायत चुनाव में फतह के साथ मिशन-2022 और 2024 की तैयारियों का खाका खींचने दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को मंत्रियों को नसीहत के साथ हिदायत भी दी। उन्होंने कहा, जनता और कार्यकर्ताओं से व्यवहार सुधारें। संगठन से समन्वय बनाकर काम करें। मैं-मैं करना बंद कर हम की भावना से कार्य करें। उन्होंने सभी मंत्रियों को चार साल का रिपोर्ट कार्ड बनाने और इस साल की कार्ययोजना का खाका बताने की हिदायत भी दी।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में मंत्रिमंडल की बैठक में नड्डा ने परिणामजनक कामों पर ध्यान देने की हिदायत दी। कहा कि मंत्री हर सप्ताह कम से कम दो दिन अपने कार्यालयों में बैठकर जनता और कार्यकर्ताओं की बात सुनें। महीने में कम से कम एक बार प्रभार वाले जिलों में जरूर जाएं। जिलों का दौरा करने के साथ वहां के संगठन के लोगों के साथ संवाद करके सरकार की योजनाओं और अधिकारियों के बारे में फीडबैक लें। मंत्री खुद को सिर्फ  मंत्री मानकर नहीं, बल्कि सरकार मानते हुए काम करें।

दूसरे के विभाग के कामों पर भी ध्यान दें मंत्री
दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों से कहा कि वे अपने विभाग के साथ दूसरे विभागों के कार्यों की समीक्षा करने के साथ उनकी जमीनी सच्चाई भी जानने की कोशिश करें। किसी न किसी मंडल का दौरा कर वहां के कार्यकर्ताओं से मिलकर वहां की जरूरतों या समस्याओं को समझकर उन्हें पूरा करने या उनका समाधान करने के बारे में काम करें। उन्होंने मंत्रियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन मंत्रालय में बैठने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


टीम भावना से काम करें
नड्डा ने कहा कि किसी मंत्री को यदि कहीं किसी विभाग के काम में कोई त्रुटि या कमी नजर आती है अथवा किसी काम या अधिकारी को लेकर कोई जानकारी मिलती है तो वह उसे मुख्यमंत्री, संबंधित विभाग के मंत्री से जरूर बताए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सभी मंत्रियों को विनम्र आचरण करते हुए सभी से अच्छा व्यवहार करें । टीम भावना के साथ काम करें । कहा कि अक्सर देखा जाता है कि मंत्री भाषण में  कहने लगते हैंए श्अमुक काम मैने करा दिया । अमुक समस्या का समाधान मैने करा दिया श् यह ठीक नहीं है । मंत्रियों को मैं-मैं नहीं हमने या हमारी सरकार ने करा दिया ए कहना चाहिए ।

राजनीति में विश्राम नहीं
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हिदायत दी कि राजनीति में न तो किसी दिन अवकाश होता है और विश्राम होता है । सभी को इसी भाव से  पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए काम करना चाहिए । उन्होंने मंत्रियों को सलाह दी कि अधिकारियों की बैठक हो या मीडिया अथवा जनता के बीच जाना होए मंत्रियों को पूरी तैयारी के साथ जाना चाहिए । साथ ही संयमित होकर पूरी सहजता से जवाब देना चाहिए।

संगठन में दखल न दें
नड्डा ने कहा कि मंत्री अपने करीबियों को संगठन में पद दिलाने के लिए दखल न दें। संगठन को अपना काम करने दें।

नड्डा का स्वागत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का लखनऊ पहुंचने पर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नड्डा का स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित सहित पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
विज्ञापन

हर माह एक दिन व एक रात गांव में गुजारें पदाधिकारी, मंत्री जिलों में रहें

लखनऊ एअरपोर्ट पर जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी - फोटो : अमर उजाला
पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे भाजपा हाईकमान ने प्रदेश पदाधिकारियों और मंत्रियों को न सिर्फ  2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव, बल्कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी पार्टी की फतह का एजेंडा सौंपा है। प्रत्येक प्रदेश पदाधिकारी को हर महीने एक दिन और एक रात प्रदेश के किसी न किसी गांव में रुककर वहां संगठन की पकड़ व पहुंच की सच्चाई समझने के साथ संगठनात्मक विस्तार और चुनावी गणित को मजबूत बनाने के लिए कार्यों का खाका तैयार करने को कहा गया है। मंत्रियों को भी सप्ताह में दो दिन कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्या सुनकर उनका समाधान करने तथा महीने में एक दिन प्रभार वाले जिलों में रहने की हिदायत दी गई है।

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने बृहस्पतिवार को यहां प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और आगे की कार्ययोजना समझाई। हालांकि ये बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लेनी थी, लेकिन उनके आने में विलंब से राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने यह बैठक ली। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने कहा कि पदाधिकारी हों या मंत्री सभी जिलों और गांवों के लोगों से संवाद कर उनकी अपेक्षाएं और आवश्यकताओं की जानकारी लें। उन्हें सरकार की योजनाओं के जरिये पूरा कराएं। प्रदेश के प्रत्येक पदाधिकारी को तीन वर्षों के दौरान किसी न किसी कार्यक्रम के साथ पार्टी के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में प्रवास करना होगा। मंत्रियों को परफार्मेंस पर मुख्य ध्यान देने की हिदायत दी गई है। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह सहित यूपी से संबंधित राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा प्रदेश के सभी पदाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष शामिल हुए।

चुनाव के लिए माइक्रो मैनेजमेंट पर नजर
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन का चुनाव के लिहाज से माइक्रो मैनेजमेंट पर जोर रहा। लोकसभा चुनाव 2014 से शुरू हुए पन्ना प्रमुख के प्रयोग को संगठनात्मक गतिविधि का हिस्सा बनाने का निर्णय किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश पदाधिकारियों से सभी गांवों में मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ना के लिए किसी न किसी कार्यकर्ता को स्थायी तौर पर पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपने की सलाह दी। साथ ही मंडल इकाइयों को लगातार सक्षम और सक्रिय बनाने की जिम्मेदारी समझाने के साथ किसी न किसी तरह से बूथ समितियों को भी हमेशा सक्रिय, शक्तिशाली और संगठित बनाने की योजना पर काम करने को कहा। तय हुआ कि पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, डॉ. आंबेडकर और अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तथा पार्टी के स्थापना दिवस सहित अन्य कार्यक्रमों के सहारे पदाधिकारी इन तीन वर्षों में प्रत्येक वर्ष छह बार बूथों पर जाकर वहां के लोगों से संपर्क व संवाद करें।

एक-एक गांव को मथने की तैयारी
बैठक में न सिर्फ  प्रदेश, बल्कि क्षेत्र व जिलों के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं को साथ लेकर प्रदेश भर के सभी गांवों में सघन संपर्क, हर व्यक्ति से संवाद और सरकार की योजनाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाने का खाका खींचा गया। सरकार और संगठन के समन्वय से लोगों को बदलाव का संदेश तथा भाजपा की सरकार के लोक कल्याणकारी कार्यों को एक-एक व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति बनी।

पांच मंत्रों पर काम
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने पदाधिकारियों को पांच मंत्रों पर कार्यकर्ताओं के जरिये गांव-गांव मथने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सभी को जन समर्थन, जन संगठन, जन प्रशिक्षण, जन संस्कार और जन कल्याण के मंत्रों पर गांव-गांव काम करना है। इसके तहत लोगों का समर्थन जुटाने और उन्हें पार्टी के साथ संगठित करने तथा उन्हें पार्टी की रीति-नीति समझाने और फिर लोगों के कल्याण के लिए पार्टी का हाथ बंटाने में जोड़ा जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रदेश महामंत्री को बैठक की योजना और निर्णयों के अनुसार सभी क्षेत्रों में योजना बनाकर उसे मंडल तथा बूथ इकाइयों तक लागू कराने का निर्देश दिया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कोरोना काल में पार्टी की तरफ  से किए गए सेवा कार्यों के साथ अब तक के संगठनात्मक कार्यों और पंचायत चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें