भाजपा युवा मोर्चा के नगर मंत्री सहित दो नेताओं की नगर पुलिस के सिपाहियों ने मंगलवार रात पिटाई कर उन्हें लॉकअप में बंद कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही बुधवार की सुबह भाजपा पदाधिकारियों समेत कार्यकर्ता सिविल लाइंस चौकी पर धरने पर बैठ गए। अपनी ही सरकार में पुलिस के खिलाफ धरने की सूचना पर पहुंचे जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए धरना समाप्त करा दिया। एसपी ने आरोपी दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
शहर के पंतनगर स्थित काशीराम कॉलोनी के रहने वाले भाजपा युवा मोर्चा के नगर मंत्री रितेश सोनी अपने साथी बड़गांव निवासी अमरजीत चौधरी के साथ मंगलवार की रात बड़गांव से पंत नगर फोरविसगंज स्थित अपने घर वापस लौट रहा था। वह दोनों घर के पास पहुंचे थे तभी सिविल लाइंस चौकी के सिपाही आशीष कुमार व धर्मेंद्र ने उन्हें रोक लिया और रितेश व अमरजीत की जमकर पीटा।
इसके बाद दोनों को सिविल लाइन चौकी ले आए। यहां चौकी पर मौजूद नायब दरोगा ने भाजयुमो के नगर मंत्री व उसके साथी को लॉकअप में डाल दिया। हालांकि सत्तापक्ष का होने के कारण दोनों को आधी रात लॉकअप से छोड़ दिया गया।
इसकी जानकारी बुधवार की सुबह जब भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो भाजपा के जिला महामंत्री अनुपम मिश्र, जिला मंत्री दीपक अग्रवाल, नगर अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मिश्र, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक गुप्ता समेत काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता सिविल लाइंस चौकी पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने नगर पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की।
इसकी जानकारी मिलते ही जिलाध्यक्ष सूर्य नरायन तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी मौके पर पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए धरना समाप्त कराया। जिलाध्यक्ष ने एसपी ने आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने आरोपी सिपाही आशीष कुमार व धर्मेंद्र को लाइन हाजिर कर दिया है।