चांदा तहसील के फरमापुर गांव में बुधवार की रात भाजपा नेता पर पड़ोसी ने बेटों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया। छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई को भी हमलावरों ने चाकू से मारकर जख्मी कर दिया। गंभीर हालत में दोनों भाइयों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने भाजपा नेता को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के फरमापुर गांव निवासी अनूप शुक्ला (22) पुत्र स्व. सत्य प्रकाश शुक्ला भाजपा बूथ अध्यक्ष थे। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अनूप ढखवा से बाइक से घर लौट रहे थे। तभी हरिश्चंद्र और उसके तीन बेटे विशाल, प्रिंस और विकास ने उसे रोक लिया। अनूप कुछ समझते तब तक हरिश्चंद्र आदि ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। अनूप की चीख-पुकार सुनकर उसका बड़ा भाई अमित शुक्ला (40) घर से भागकर वहां पहुंचा तो हमलावरों ने उसे भी चाकू से मारकर जख्मी कर दिया।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए घायल दोनों भाइयों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भाजपा नेता अनूप शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही एसपी शिवहरी मीणा जिला अस्पताल पहुंचे और मृत भाजपा नेता के परिवारीजनों से पूछताछ की। चांदा कोतवाल चंद्रभान यादव ने बताया कि पुलिस ने घायल अमित शुक्ला की बेटी शालिनी की तहरीर पर हरिश्चंद्र, विशाल, प्रिंस और विकास के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने हत्या में शामिल हरिश्चंद्र को गिरफ्तार कर आला-ए-कत्ल चाकू बरामद कर लिया है।
20 वर्ष फरारी काटकर दो वर्ष पूर्व लौटा था घर
फरमापुर गांव निवासी हरिश्चंद्र कहार पर चांदा कोतवाली में एनडीपीएस, डकैती समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। 20 वर्ष पूर्व एनडीपीएस और डकैती के मुकदमे में वह फरार हो गया था। 20 वर्ष फरार रहने के बाद दो वर्ष पहले 2018 में हरिश्चंद्र सूरत से अपने घर फरमापुर आया था। घर वालों ने हरिश्चंद्र के वापस घर लौटने की सूचना पुलिस से छिपाई।