प्रदेश में आयुष्मान भारत नेशनल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम (एनएचपीएस) का लाभ गरीबों को जल्द ही मिलेगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए संभावित तिथि 15 अगस्त तय की है। लाभार्थियों को उनकी पात्रता की जानकारी 30 अप्रैल को दी जाएगी।
ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर लाभार्थियों के नामों की घोषणा की जाएगी। पात्रता सूची का 1 से 7 मई तक लाभार्थी के घर जाकर परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद सूची केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
दरअसल, केंद्र सरकार ने योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा देने की घोषणा की है। योजना को मूर्तरूप देने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। 2011 और 2016 में केंद्र सरकार के सोशियो इकोनॉमिक कास्ट सेंशस (एसईसीसी) सर्वे में चिह्नित प्रदेश के करीब 1.16 करोड़ परिवारों को इसका फायदा मिलेगा। एक परिवार का राष्ट्रीय औसत 4.5 सदस्य माना जाता है।
इस हिसाब से करीब पांच करोड़ लोगों का इस योजना का लाभ देने की तैयारी है। एसईसीसी की सूची में शामिल लोगों को ग्राम्य विकास अधिकारियों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से चयन की जानकारी दी जाएगी। योजना के प्रीमियम में 60 फीसदी हिस्सा केंद्र और 40 फीसदी हिस्सा राज्य सरकार देगी।