उन्होंने विधानसभा उप चुनाव वाली सभी 12 सीटों पर भाजपा की जीत का दावा किया। कहा, सपा-बसपा एक साथ लड़ें या अलग-अलग वह न सिर्फ अपनी जीती सीटें जीतेंगे, बल्कि रामपुर और अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट भी जीतेंगे। जहां से क्रमश: सपा के मो. आजम खां व बसपा के रितेश पांडेय विधायक थे।
उन्होंने राहुल गांधी के वायनाड में पीएम मोदी को नफरत बांटने वाला बताने पर कहा कि वे अमेठी हार गए तो क्या वहां भी भाजपा नफरत बांट रही थी। अमेठी में उनकी हार का कारण वादाखिलाफी है। जब उनसे यह पूछा गया कि अखिलेश यादव ने महादेवा मंदिर में रुद्राभिषेक के बाद कहा कि वह भाजपा की तरह दिखावा नहीं करते। इस पर पांडेय ने कहा कि अखिलेश का बयान ही दिखावा है। फिर भी उन्होंने रुद्राभिषेक तो किया, इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं।
पांडेय ने अलीगढ़ में ढाई साल की मासूम की हत्या की निंदा करते हुए कहा है कि इसे कानून-व्यवस्था से जोड़ना ठीक नहीं है। योगी शासन में यूपी की कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। व्यक्तिगत रंजिश या दूषित मानसिकता से ग्रस्त लोगों की तरफ से की जाने वाली वारदातों को सरकार की प्रशासनिक क्षमता से नहीं जोड़ना चाहिए।
कहा कि अलीगढ़ की घटना के दोषियों को फास्ट ट्रैक न्यायालय के जरिये कड़ी सजा दिलाई जाएगी। कहा, पहले की सरकारें अपराधियों की जाति व वर्ग को देखकर कार्रवाई करती थीं, लेकिन भाजपा सरकार के लिए अपराधी सिर्फ अपराधी है।