सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अखिल भारतीय किसान प्रतिनिधि सम्मेलन के दौरा भाजपा पर जमकर हमला किया। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी को झूठाया बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा अयोध्या में मंदिर नहीं बनाना चाहती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री रहते मंदिर निर्माण के लिए 17 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव किया था। हमने कहा था कि कोर्ट पर भरोसा रखो, जो फैसला हो उसे मानें। केस जीत गए तो दो राम मंदिर हो जाएंगे। लेकिन भाजपा राम मंदिर नहीं बनाना चाहती। मंदिर निर्माण के लिए देश और दुनिया से चंदा लिया। भाजपा बताए कि चंदे में मिले रुपये कहां हैं ? क्या इसे किसी बैंक में रखा है, उस पर कितना ब्याज हो गया है? सभी को यह जानने का हक है।
उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी पर भी निशाना साधा। कहा, ‘न जाने भाजपा ने कैसा प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। झूठ ही बोलता रहता है।’ उन्होंने लोगों से पूछा, बताओ उन्होंने कभी सच बोला है। ये अलग बात है कि विधानसभा और लोकसभा में भाजपा आगे नहीं बढ़ पा रही है। इशारों ही इशारों में मोदी पर भी हमला किया। कहा भीड़ में हार गए तो विकास की बातें करने लगे।
यूपी के बगैर महाशक्ति नहीं बनेगा हिंदुस्तान
सपा मुखिया ने कहा कि यूपी और किसानों को संपन्न बनाए बगैर हिंदुस्तान महाशक्ति नहीं बन सकता। जब तक किसान सुखी नहीं होगा, देश महान नहीं बन सकता। देश में 72 फीसदी लोगों के पास खेती है। 65 प्रतिशत किसान खुद खेती करते हैं। किसान कभी अपने पशुओं और कृषि उपकरणों की कीमत, उस पर ब्याज और अपनी मेहनत को नहीं जोड़ता।
वह हमेशा घाटे में रहता है। सभी धंधों में मुनाफा है लेकिन खेती घाटे का सौदा हो गई है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश देश का छठा हिस्सा है। कई छोटे सूबों के बराबर यूपी की जलवायु, जमीन बहुत अच्छी है। मैदानी क्षेत्र है। यूपी को पिछड़ा बताते हुए बदनाम किया जाता है। यूपी ने कई प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन उन्होंने इसलिए यहां की तरक्की नहीं की कि भेदभाव का आरोप न लगे।
देश में सबसे ज्यादा काम सपा सरकार ने किए
मुलायम सिंह ने कहा कि किसानों के हित में जितने काम यूपी में हुए हैं, उतने देश में कहीं नहीं हुए। सरकार बनते ही भूमि विकास बैंक का 1650 करोड़ रुपये कर्ज माफ किया गया। सिंचाई, पढ़ाई, दवाई मुफ्त है। छात्राओं को कन्या विद्या धन, बेरोजगारों को भत्ता और मुस्लिम लड़कियों को आर्थिक मदद दी जा रही है।
पांच साल के अधिकांश वादे एक साल में ही पूरे कर दिए। सम्मेलन में दूसरे प्रदेशों के किसान आए हैं, इसलिए सपा की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री और सपा के प्रमुख नेताओं से बात कर कहेंगे कि किसानों का भरोसा न टूटने पाए।
महंगाई रोकने के लिए साहस की जरूरत
मुलायम सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार में साहस हो तो महंगाई रोकी जा सकती है। दाम बांधों नीति के तहत कारखाने में बनी चीजों का दाम लागत से डेढ़ गुने से ज्यादा नहीं होना चाहिए। इसी तरह किसानों का लागत का सवा गुना मिलना चाहिए। इस दौरान समारोह की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी नेता भगवती सिंह, धर्मार्थ कार्य विभाग के सलाहकार साहब सिंह, गन्ना समितियां संघ के अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक अवधेश मिश्र आदि ने मुलायम सिंह को दिल्ली सरकार की बागडोर सौंपने का आह्वान किया।