भाजपा ने राजधानी लखनऊ समेत आठ नगर निगमों के लिए महापौर के प्रत्याशियों का एलान कर दिया। सामाजिक समीकरण साधने पर भी ध्यान दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने लखनऊ से संयुक्ता भाटिया, अलीगढ़ से डॉ. राजीव अग्रवाल, वाराणसी से मृदुला जायसवाल, मथुरा से डॉ. मुकेश आर्य बंधु, झांसी से रामतीर्थ सिंघल, मुरादाबाद से विनोद अग्रवाल, गाजियाबाद से आशा शर्मा और सहारनपुर से संजीव वालिया को महापौर का उम्मीदवार बनाया है।
यूपी: निकाय चुनाव में भाजपा ने 4 मुस्लिमों को दिए टिकट, जारी की प्रत्याशियों की सूची
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर निकाय चुनाव प्रभारी जेपीएस राठौर ने रविवार रात यह जानकारी दी। भाजपा अब तक 16 नगर निगमों में से 13 के महापौर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। प्रत्याशियों की सूची पर संघ की छाप और जीएसटी को लेकर नाराजगी दूर करने की कोशिश दिखाई दे रही है।
शनिवार को मेरठ से कांता कर्दम, अयोध्या से ऋषिकेश उपाध्याय, गोरखपुर से सीताराम जायसवाल, कानपुर से प्रमिला पांडेय और आगरा से नवीन जैन को महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। अभी तीन नगर निगमों बरेली, इलाहाबाद और फिरोजाबाद के महापौर के प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है।
बुक्कल नवाब को मिला 'कुर्बानी' का इनाम, उनके बेटे को दिया गया टिकट
अब तक 50 प्रतिशत उम्मीदवार वैश्य
उम्मीदवारों की सूची से पता चलता है कि पार्टी ने महापौर पद के लिए बाहरी के बजाय अपने कार्यकर्ताओं पर ही भरोसा जताना ज्यादा उचित समझा है। सभी उम्मीदवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की पृष्ठभूमि से हैं। अब तक घोषित 13 प्रत्याशियों में छह वैश्य, तीन ब्राह्मण, दो पंजाबी और दो दलित वर्ग के हैं। वैश्य बिरादरी के प्रत्याशियों की संख्या से भाजपा व संघ की जीएसटी को लेकर चिंता समझ में आ जाती है।