भाजपा नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव के लिए यूपी से लगभग 30 सीटों पर अपने
उम्मीदवार तय कर दिए हैं। पार्टी अपनी तैयारियों की धार तेज करने में जुट
गई है।
उम्मीदवारों को संघ की तरफ से भी तैयारी करने को हरी झंडी दी जा चुकी है। इस तरह अब लगभग 50 सीटें ही बची हैं जिन पर पार्टी नेतृत्व को उम्मीदवार तय करने हैं।
इसमें भी लगभग 10 सीटें ऐसी हैं जिन पर दावेदारों की छंटनी के बाद सिर्फ दो-दो नाम ही बचे हैं।
उनमें भी कुछ को टिकट मिलना तय माना जा रहा है। बशर्ते कोई तात्कालिक ऐसी वजह न खड़ी हो जाए जिसके चलते इनमें बदलाव करना जरूरी हो।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव वरुण गांधी भी हाईकमान के निर्देश पर मंगलवार से सुल्तानपुर में अपना चुनाव प्रचार शुरू करने जा रहे हैं।
अब भी पर्दे के पीछे हैं कुछ नाम
जानकारी के मुताबिक, भाजपा और संघ के प्रमुख लोगों ने विचार-विमर्श के बाद लगभग 30 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का फैसला कर लिया है।
पर, सावधानी और रणनीति के तहत सूची को अभी घोषित नहीं किया जा रहा है। बताया जाता है कि संघ इस बार कहीं कोई चूक नहीं चाहता इसलिए वह इस रणनीति पर चल रहा है।
वह यह भी चाहता है कि भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में इस बार पूरा संघ परिवार एकजुट होकर लगे। इसलिए वह एक बार फिर सभी सीटों का सर्वेक्षण और समीक्षा करा रहा है।
14 फरवरी को काशी में खुलेगा पत्ता
संघ के लोगों को इस रिपोर्ट के साथ 14 फरवरी को वाराणसी पहुंचकर पूरी जानकारी देनी है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने प्रदेश भर से संघ से जुड़े संगठनों के लोगों को 14 फरवरी को वाराणसी बुलाया है।
इसमें उम्मीदवारों के नामों को हरी झंडी मिलनी है। उसके बाद भाजपा का संसदीय बोर्ड इन पर औपचारिक मुहर लगाएगा।
वरुण इस समय पीलीभीत से सांसद हैं। पर, उन्होंने इस बार सुल्तानपुर से लड़ने का फैसला किया है।
आज से शुरू वरुण की हुंकार
वह मंगलवार 11 फरवरी को सुल्तानपुर के कादीपुर में विजेथुआ हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। उसके बाद जूनियर हाईस्कूल कादीपुर के मैदान पर रैली को संबोधित करेंगे।
बताया जाता है कि वरुण के पिता संजय गांधी ने भी इसी मंदिर में पूजा के बाद अपना चुनाव प्रचार शुरू किया था। वरुण ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में सुल्तानपुर से चुनाव लड़ने की पुष्टि की।
वरुण ने कहा, मंगलवार को सुल्तानपुर के कादीपुर में रैली करके अपना चुनावी अभियान शुरू कर देंगे।