फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BJP Candidates : भाजपा ने देवरिया से शशांक व फिरोजाबाद से विश्वजीत को उतारा, कैसरगंज व रायबरेली पर संशय बरकरार

Tue, 16 Apr 2024 05:44 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

भाजपा ने चार विधानसभा के लिए होने वाले उप चुनाव के लिए भी चार प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। लखनऊ पूर्व सीट पर अवक्ष के क्षेत्रीय संगठन में कोषाध्यक्ष रह चुके ओपी श्रीवास्तव को मौका दिया गया है।
विज्ञापन
सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भाजपा ने यूपी की शेष बची चार लोकसभा सीटों में से दो और सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए की सूची मंगलवार को जारी कर दी है। भाजपा ने देवरिया के मौजूदा सांसद रमपति राम त्रिपाठी का टिकट काटकर शशांक मणि त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, फिरोजाबाद के मौजूदा सांसद डॉ. चन्द्रसेन जादौन का टिकट काटकर ठाकुर विश्वजीत सिंह को मैदान में उतारा है ।इस प्रकार देखा जाए तो भाजपा अब तक कुल 14 मौजूदा सांसदों का टिकट काट चुकी है । फिरोजाबाद से विश्वजीत को मौका दिए जाने को पश्चिम में क्षत्रियों की नाराजगी दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, भाजपा ने प्रदेश में चार विधानसभा पर होने वाले उप चुनाव के लिए भी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है।

विज्ञापन


बता दें कि गाजियाबाद से सांसद जनरल वीके सिंह का टिकट काटने और सिर्फ मुरादाबाद सीट से सर्वेश सिंह को ही टिकट दिए जाने से पश्चिमी यूपी में क्षत्रियों की नाराजगी की बात सामने आई है। मेरठ से लेकर सहारनपुर तक कई स्थानों पर सम्मेलन करके इस समुदाय के लोगों ने नाराजगी जताई थी और भाजपा को वोट न देने का एलान भी किया था । वहीं विपक्षी दल इस मुद्दे को भुनाना शुरू कर दिया था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी चुनावी जनसभाओं में नाराज क्षत्रियों को अपने पक्ष में करने का प्रयास करना शुरू कर दिया था।

माना जा रहा है कि क्षत्रियों की नाराजगी को दूर करने के लिए ही भाजपा ने फिरोजाबाद के मौजूदा सांसद का टिकट काटकर क्षत्रिय बिरादरी के विश्वजीत सिंह को मैदान में उतारा है। विश्वजीत का मुकाबला सपा के महासचिव रामगोपाल यादव के पुत्र और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई अक्षय यादव से होगा। इस सीट से लगातार तीन बार सांसद रह चुके अक्षय को 2019 के चुनाव में चन्द्रसेन ने भारी मतों के अंतर से हराया था। वहीं, देवरिया के मौजूदा सांसद रमापति राम त्रिपाठी का टिकट काटे जाने के पीछे उनके स्वास्थ्य के साथ ही स्थानीय स्तर पर भारी विरोध की बातें कही जा रही हैं। रमपति राम त्रिपाठी 2019 के चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन से चुनाव लड़ने वाले बिनोद कुमार हो हराकर चुनाव जीते थे।
विज्ञापन


शशांक मणि त्रिपाठीः देवरिया सीट से प्रत्याशी बनाए गए शशांक पूर्व भाजपा सांसद जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के बेटे हैं। शशांक के पिता जनरल श्री प्रकाश मणि त्रिपाठी 1996 और 1999 में देवरिया सीट से भाजपा सांसद रह चुके हैं। शशांक जागृति नाम से एक एनजीओ चलाते हैं।

विश्वजीत सिंहः 2014 के चुनाव में बसपा के टिकट पर इस सीट से चुनाव लड़ने वाले विश्वजीत 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा में आए थे। 2014 के चुनाव में इनको1.15 लाख से अधिक वोट मिले थे, लेकिन हार गए थे । कई कॉलेज और शैक्षणिक संस्थाओं का संचालन करने वाले विश्वजीत के पिता ठाकुर बृजराज सिंह 1957-1962 तक संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी से सांसद रह चुके हैं।

कैसरगंज व रायबरेली पर संशय बरकरार
भाजपा की 12वीं सूची में शामिल दो प्रत्याशियों के नाम के साथ पार्टी के कोटे के कुल 75 में से 73 सीटों पर उम्मीदवार उतर चुके हैं। कैसरगंज और रायबरेली सीट को लेकर अभी भी संशय बरकरार है। मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह जहां कैसरगंज सीट से चुनाव लड़ने पर अड़े हुए हैं, वहीं, कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली रायबरेली सीट पर भी टिकट के लिए कई मजबूत दावेदारों में जमकर रस्साकसी चल रही है। चर्चा है कि प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश सिंह और राज्यसभा में भाजपा के पक्ष में क्रास वोटिंग करने वाले सपा विधायक मनोज पांडेय के नाम पर भाजपा हाईकमान पेशोपेश में है।

लखनऊ पूर्व से ओपी श्रीवास्तव को उतारा
भाजपा ने चार विधानसभा के लिए होने वाले उप चुनाव के लिए भी चार प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। लखनऊ पूर्व सीट ओपी श्रीवास्तव को मौका दिया गया है। श्रीवास्तव अवक्ष के क्षेत्रीय संगठन में कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और प्रदेश भाजपा में आजीवन सहयोग निधि के प्रदेश संयोजक हैं। यह सीट आशुतोष टंडन के निधन से रिक्त हुआ था। इसी प्रकार विधायक मानवेन्द्र सिंह के निधन से रिक्त हुई ददरौल सीट उनके बेटे अरविंद सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। जबकि सपा विधायक एसपी यादव के निधन से रिक्त हुई गैसड़ी सीट से पूर्व विधायक शैलेन्द्र सिंह शैलू को टिकट दिया गया है। इसके अलावा विधायक रामदुलार गौड़ के अयोग्य घोषित होने से रिक्त हुई दुद्धी सीट से श्रवण गौड़ को उम्मीदवार बनाया गया है। श्रवण संघ के पूर्व प्रचारक रहे हैं।
विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें