भाजपा ने कहा है कि प्रदेश सरकार सैफई महोत्सव के धन से मैनपुरी व इटावा की गरीबी दूर कर सकती है।
पार्टी प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन ने बृहस्पतिवार को कहा, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘गरीबी मिटाओ तो हर घर में सफाई खुद पहुंच जाएगी’ जैसी बात कहकर बहुत दिनों बाद कोई समझदारी की बात कही है।
अच्छा होगा कि वह यह समझदारी सैफई महोत्सव पर होने वाले अंधाधुंध और बेहिसाब खर्च पर दिखाएं।
महोत्सव पर खर्च होने वाला धन मैनपुरी व इटावा पर खर्च कर दें तो कम से कम ये दो जिले गरीबी से मुक्ति पा जाएंगे।
प्रवक्ता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान को मिल रहे भारी जनसमर्थन से मुख्यमंत्री घबरा गए हैं।
सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाले नगर विकास मंत्री आजम पर उनका कोई वश नहीं है।