भाजपा महानगर अध्यक्ष को धमकाया, मांगी पांच लाख की रंगदारी
लखनऊ। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को फोन कर धमकी देने और पांच लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आरोप एक सपा नेता पर लगा है। आनंद द्विवेदी के सहायक यशवेंद्र सिंह ने हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि आलमबाग बड़ा बरहा निवासी यशवेंद्र सिंह के मुताबिक 28 मई को वह महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के साथ बर्लिंग्टन से दारुलशफा की तरफ जा रहे थे। इस बीच अनजान नंबर से कॉल आई। फोनकर्ता ने गाली गलौज की और खुद को सपा नेता दीपमणि यादव बताया। उसने महानगर अध्यक्ष से पांच लाख रुपये लेकर रेस्टोरेंट के पास बुलाया। बात न मानने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। आरोपी ने आनंद द्विवेदी के खिलाफ दुष्प्रचार करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि सर्विलांस की मदद से आरोपी के बारे में पता लगाया जा रहा है।