फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी निकाय चुनाव: आज या कल जारी हो सकती है भाजपा के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

Tue, 31 Oct 2017 02:27 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
निकाय चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए भाजपा उम्मीदवारों का तीन-तीन नामों का पैनल बन गया है। प्रदेश स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की मंगलवार को होने वाली बैठक के बाद रात में या बुधवार को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो सकती है।
विज्ञापन


पार्टी के प्रभारियों और क्षेत्र स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की ओर से नगर निगमों में पार्षद, महापौर, पालिका परिषद अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए तीन- तीन प्रमुख उम्मीदवारों का पैनल तैयार हो गया है। बीते दो दिनों में स्क्रीनिंग कमेटियों की मैराथन बैठक के बाद बनाए गए पैनल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल तक पहुंच गए हैं। प्रत्याशी चयन में पार्टी के प्रति निष्ठा, जातिगत आधार और छवि को महत्व दिया जाएगा।

आरएसएस और विभिन्न सहयोगी संगठनों के प्रस्तावों, चुनिंदा केन्द्रीय मंत्रियों, प्रभावी सांसदों और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सिफारिश पर भी गौर किया जाएगा। मंगलवार को राज्य स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी, क्षेत्र एवं जिला प्रभारियों की बैठक में पांडेय और बंसल सूची को अंतिम रूप देंगे।
विज्ञापन


जिन निकायों में सर्व सम्मति से प्रत्याशी चयन हो जाएगा उनकी सूची मंगलवार या बुधवार तक जारी हो सकती है। उधर, पार्टी का एक धड़ा सपा और बसपा की सूची जारी होने के बाद अपने पत्ते खोलने का पक्षधर है। कुछ नेताओं का मानना है कि विरोधी प्रत्याशी घोषित होने के बाद 4-5 नवंबर तक प्रत्याशी घोषित किए जाएं।

दावेदारों को सीख, टिकट न मिलें तो न हों दुखी

दावेदारों का उत्साह देखते हुए पार्टी उन्हें सीख भी दे रही है। प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने दो टूक कहा, यदि टिकट नहीं मिले तो दुखी न हों, पांच वर्ष तक सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता होने का लाभ तो मिलेगा ही। सपा, बसपा और कांग्रेस छोड़कर लोग भाजपा में आ रहे हैं, टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर कोई गलत कदम उठाएगा तो वह अपना ही नुकसान करेगा। इसलिए कार्यकर्ताओं को संतोष कर पार्टी निर्णय के साथ चलना चाहिए।

साध्वी निरंजन ज्योति भी पहुंची
केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने सोमवार को राजधानी पहुंचकर प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल से मुलाकात की। उन्होंने अपने क्षेत्र फतेहपुर में प्रत्याशी को लेकर  बंसल को अपना सुझाव दिया।

राजधानी के हर वार्ड से 30-40 दावेदार
लखनऊ में महापौर पद के लिए तीन दर्जन से अधिक महिलाओं ने दावेदारी की है। वहीं नगर निगम के 110 वार्र्डों में प्रत्येक वार्ड में 30 से 40 दावेदारों ने टिकट मांगा है। सोमवार को दिनभर राजधानी के वार्डों से आए दावेदारों ने प्रदेश मुख्यालय में डेरा जमाए रखा। उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, लखनऊ के प्रभारी अशोक कटारिया और सह प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की।
विज्ञापन

राजनाथ व दिनेश की सहमति से जारी होगी सूची

राजनाथ सिंह
राजधानी में पार्षद और महापौर के लिए पैनल बन गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय और महामंत्री संगठन सुनील बंसल सूची को अंतिम रूप देंगे। सूत्रों के मुताबिक घोषणा से पहले केन्द्रीय गृहमंत्री एवं राजधानी के सांसद राजनाथ सिंह और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की राय भी ली जाएगी।

गोरखपुर क्षेत्र के प्रत्याशी पर सीएम के साथ मंत्रणा
नगर निकाय चुनाव में प्रमुख नगर निगमों के साथ पूर्वांचल क्षेत्र के प्रत्याशियों को लेकर सोमवार रात भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंत्रणा कीक। गोरखपुर नगर निगम में महापौर सहित पार्षद प्रत्याशियों के साथ गोरखपुर क्षेत्र के प्रत्याशी मुख्यमंत्री की सहमति से ही तय किए जा रहे हैं।

हर कोई खुद को बता रहा जिताऊ और टिकाऊ
प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर आठ महीने बाद फिर चुनावी रंग चढ़ने लगा है। यहां सुबह से देर रात तक टिकट के दावेदारों की भीड़ लगी रही। राजधानी सहित विभिन्न जिलों से पार्षद, महापौर, पालिका परिषद अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के दावेदार अपने समर्थकों के साथ टिकट मांगने प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। गले में भगवा गमछा डाले बायोडाटा लेकर दावेदार अपने परिचित पदाधिकारियों से मिलकर टिकट की गुजारिश करते रहे। लखनऊ सहित अन्य जिलों से आए दावेदारों में हर कोई खुद को जिताऊ और टिकाऊ बता रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें