भाजपा के बूथ प्रमुख को वाट्सएप ग्रुप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आपत्तिजनक फोटो शेयर करना महंगा पड़ गया है। तहरीर देने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फैजाबाद के खंडासा थानाक्षेत्र के मानूडीह निवासी रमाशंकर सिंह द्वारा भाजपा मंडल अमानीगंज के वाट्स एप ग्रुप में 14 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर शेयर की गई थी।
तस्वीर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी, जिसके बाद खंडासा पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए रमाशंकर सिंह के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
हालांकि, आरोपी रमाशंकर ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि ये पोस्ट गलती से बच्चों द्वारा ग्रुप पर शेयर की गई थी। रमाशंकर ने अपनी गलती स्वीकारते हुए माफी भी मांग ली है।
थानाध्यक्ष खंडासा अवनीश कुमार चौहान का कहना है कि थाने के सब इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।