सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण की ही तरह रामजन्म भूमि के पुनर्निर्माण संबंधी शासकीय पत्र पर भाजपा ने सपा सरकार की घेराबंदी की है।
पार्टी प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्र ने कहा, यह शासकीय पत्र सपा की उलझी हुई मानसिकता दर्शाता है। प्रमुख सचिव गृह द्वारा बाद में माफी मांगने पर उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी क्या भांग रखकर सरकार चला रहे हैं?
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, सपा सरकार अराजकता और मतिभ्रम का शिकार है। संवेदनशील और गंभीर मुद्दों पर इस तरह की गलतियां सरकार की अक्षमता, दिशाहीनता और अराजकता दर्शाती है।
मनोज मिश्र ने कहा कि इस प्रकरण से साबित होता है कि मुख्यमंत्री का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं है। मुजफ्फरनगर हिंसा पर भी पुलिस अफसरों के विरोधाभासी बयान सामने आए हैं।
पढ़ें: राममंदिर पर प्रमुख सचिव को मांगनी पड़ी माफी
गौरतलब है कि शनिवार सुबह यूपी सरकार की एक चिट्ठी से राममंदिर निर्माण को लेकर बवंडर खड़ा हो गया। इस पर प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव को मांफी मांगनी पड़ी।
क्या है पूरा मामला
सियासी गलियारों में बवाल मचाने वाली इस चिट्ठी में सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर अयोध्या में राम मंदिर के पुनर्निर्माण पर विचार के लिए फैजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला मजिस्ट्रेट को बैठक के लिए बुलाए जाने का जिक्र किया गया है।
पढ़ें: क्या अयोध्या में राम मंदिर बनवाएगी यूपी सरकार?
यूपी सरकार के सचिव सर्वेश चंद्र मिश्र की ओर से जारी चिट्ठी में डीजीपी और दूसरे आला पुलिस अफसरों को सोमवार शाम बैठक में हिस्सा लेने के लिए कहा गया है।
पत्र में कहा गया है कि इस बैठक में 'सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर श्री रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर संसद में कानून पारित करने पर' चर्चा होगी।
यूपी और लखनऊ की बड़ी खबरों के लिए यहां आएं