अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व यूपी के प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि अभी देश की सत्ता उन लोगों के हाथ में है जिनकी न तो देश के लिए कोई प्रतिबद्धता है और न विचारधारा।
इससे महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, वल्लभ भाई पटेल, चंद्रशेखर आजाद और इंदिरा गांधी की विचारधारा खतरे में पड़ गई है। इसे बचाने के लिए कांग्रेस विचारधारा का युद्ध लड़ रही है।
आजाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को यहां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्मशती शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कोई गरीब परिवार का व्यक्ति राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति या प्रधानमंत्री बन जाता है तो खूब चर्चा की जाती है, लेकिन कोई अमीर व्यक्ति गरीबों के लिए काम करने की कोशिश नहीं करता।
गरीब से अमीर बनना तो आसान है, पर अमीर से गरीब बनने की परंपरा नेहरू और गांधी ने शुरू की थी। अमीर परिवार से होने से बाद भी जवाहरलाल नेहरू गरीबों की मदद के लिए राजनीति में आए थे।
आजाद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से देश के लिए जान देने वाली इंदिरा गांधी के बताए रास्ते पर चलकर पार्टी को मजबूत करने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।