बीकेटी। बड़े भाई की शादी के कार्ड बांटने जा रहे बाइक सवार छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई जख्मी हो गया। दुर्घटना सोमवार को महिगवां में हुई। ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान छात्र की बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। पीछे से ट्रक उसके ऊपर से निकल गया।
चिनहट के जुग्गौर निवासी दूध कारोबारी हरपाल यादव का छोटा बेटा मुकेश (16) स्कूल में इंटर का छात्र था। सोमवार सुबह मुकेश अपने बड़े भाई आनंद की शादी के कार्ड देने बाइक से चचेरे भाई अंकित के साथ बीकेटी के मलाक गांव जा रहा था। बाइक बिना हेलमेट मुकेश चला रहा था। दोपहर करीब 12 बजे महिगवां में संसारपुर गांव के पास मुकेश ट्रक को ओवरटेक करने लगा। तभी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर गए। चालक ने ट्रक की गति बढ़ा दी और मुकेश को कुचलते हुए निकल गया। महिगवां थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह के मुताबिक अभी तक तहरीर नहीं मिली है।
बजने वाली थी शहनाई, पसर गया मातम
हरपाल के बड़े बेटे आनंद का 23 नवंबर को तिलक था, जबकि 16 दिसंबर को शादी थी। घर में खुशी का माहौल था। शहनाई बजने की तैयारियां जोरों से चल रही थी, पर एक पल में खुशियां काफूर हो गईं। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां राधा बेसुध हो गईं, जबकि पिता का रो-रोकर बुरा हाल था।