तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत
लखनऊ। सर्वाेदय नगर में रविवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी बॉय शक्ति नगर निवासी जतिन जोशी (22) की मौत हो गई। अज्ञात वाहन का चालक मौके से भाग निकला।
इससे पहले जतिन डिलीवरी पहुंचाकर घर लौट रहे थे। हादसे में उन्हें लहूलुहान देखकर एक राहगीर ने उनके दोस्त निहाल को फोन पर सूचना दी। निहाल ने जतिन के परिजनों को बताया। उनके पिता राकेश के मुताबिक परिवार के साथ वह लोहिया अस्पताल पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने बेटे की हालत गंभीर बताकर ट्रॉमा रेफर कर दिया।
राकेश का आरोप है कि ट्रॉमा से भी वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई और पीजीआई भेज दिया गया। वहां भी इलाज नहीं हो सका। इसके बाद जतिन को निजी अस्पताल ले गए, वहां भी राहत नहीं मिली। परेशान होकर दोबारा ट्रॉमा पहुंचे, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जतिन अपने माता पिता के इकलौते बेटे थे। परिवार में मां पूनम और बहन ज्योति है। परिजन किराये के मकान में रहते हैं।
तीन घंटे तक भटकते रहे, समय से मिल जाता इलाज तो बच सकती थी जान
जतिन के हादसे में घायल होने की सूचना परिजनों को रविवार शाम सात बजे मिली थी। तीन घंटे तक भटकने के बाद चिनहट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार सुबह डॉक्टरों ने ट्रॉमा ले जाने की सलाह दी थी। परिजनों का आरोप है कि वे घायल जतिन को एंबुलेंस में लेकर एक से दूसरे अस्पताल भटकते रहे। अगर समय से इलाज मिल जाता तो उनकी जान बच सकती थी।