लखनऊ। बाइक सवार बदमाशों ने कृष्णानगर और गाजीपुर में महिला व वृद्धा की सोने की चेन लूट ली। पीड़ितों के घरवालों ने संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई है।
कृष्णानगर में कानपुर रोड निवासी राकेश पांडेय के मुताबिक 10 अक्तूबर को पत्नी चंद्रावती शाम छह बजे घर के बाहर खड़ी थीं। तभी पीछे से बाइक सवार एक बदमाश आया और झपट्टा मारकर पत्नी की सोने की चेन लूट ली। वह जब तक चिल्लातीं आरोपी भाग निकला। इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक केस दर्ज कर बदमाश का पता लगाया जा रहा है।
उधर, इंदिरानगर सेक्टर 22 में रहने वाले आयुष जैन ने बताया कि सात अक्तूबर को शाम को उनकी मां सरिता जैन पैदल आम्रपाली चौराहे से लौट रही थीं। तभी गली में एक बदमाश ने उनकी चेन लूट ली और कुछ दूरी पर बाइक के साथ खड़े साथी के साथ भाग निकला। इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्या ने बताया कि घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही हैं।