लखनऊ। दुबग्गा इलाके में एक बाइक पर ट्रिपलिंग कर घर लौट रहे तीन भाइयों की सामने से कार से टक्कर हो गई। हादसे में रहीमाबाद अंटाखेड़ा जमुलिया गांव निवासी अशोक (24) की मौत हो गई, जबकि उनके दो भाई घायल हो गए। हादसे के वक्त अशोक बाइक चला रहे थे और हेलमेट पहने थे।
अशोक के चचेरे भाई दिलीप ने बताया कि अशोक, बड़े भाई अनिल और सुनील के साथ मजदूरी करते थे। शनिवार को तीनों भाई काम करके बाइक से घर जा रहे थे। दुबग्गा स्थित अंधे की चौकी के पास सामने से एक कार की टक्कर से तीनों भाई घायल हो गए। बाइक कार में फंसकर घिसटती हुई काफी दूर तक चली गई। कुछ दूर बाद आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने तीनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान अशोक की मौत हो गई। अनिल व सुनील की हालत गंभीर बताई जा रही है। अशोक के परिवार में पिता भगवानदीन खेती करते हैं व मां गंगा देई है।
ई रिक्शे का निकला पहिया, चालक की गिरकर मौत
लखनऊ। मड़ियांव इलाके में शनिवार को एक ई रिक्शा का अचानक पिछला पहिया निकलने से पलट गया। हादसे में चालक मड़ियांव सबेरी होटल निवासी स्वामी दीन मौर्य (60) की मौत हो गई। मूल रूप से लखीमपुर के सुभाष नगर के रहने वाले स्वामी दीन मौर्य दामाद जितेंद्र के घर में रहते थे। उनके बेटे पिंटू ने बताया कि पिता शनिवार दोपहर ई रिक्शा चलाने के लिए गए थे। भिठौली क्रॉसिंग के पास ई रिक्शा का पिछला पहिया अलग होकर पलट गया। स्वामी दीन मौर्य सड़क पर गिरे और उनके सिर पर चोट लग गई। पुलिस ने उनको ट्रामा सेंटर पहुंचा, जहां उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी चंद्रावती व तीन बेटियां हैं।