लखनऊ। मदेयगंज में बृहस्पतिवार रात मेहंदीगंज निवासी बाइक मैकेनिक आयुष सिंह (16) का रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़ा मिला। मामा अरुण ने मोहल्ले के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि चार साल बहन सोनी और जीजा अजय की मौत हो गई थी। तब से भांजा आयुष और भांजी मुस्कान उनके साथ रहते थे। आयुष डालीगंज में बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर काम करता था। बृहस्पतिवार सुबह भांजा खाना खाने के बाद घर से पैदल निकल गया था। उसी रात करीब 11:45 बजे पुलिस ने उन्हें कॉल कर डालीगंज क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियां में एक शव पड़े होने की जानकारी दी। आनन-फानन वह मौके पर पहुंचे तो भांजे का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल से भांजे के मोबाइल को कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर मदेयगंज अंजनी सिंह ने बताया कि आयुष के मामा ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।
युवक ने दी थी हत्या की धमकी-
मामा अरुण ने बताया कि 29 अप्रैल को मोहल्ले में रहने वाले एक युवक का शिया कॉलेज के पास भांजे से कुछ विवाद हो गया था। आरोपी ने भांजे को बुरी तरह से पीटा था। बीच-बचाव में मुस्कान को भी पीटा था। आरोपी ने दोनों को हत्या की धमकी दी थी। हालांकि विवाद का कारण पता नहीं चल सका था। मामा का आरोप है कि उसी युवक ने कॉल कर भांजे को रेलवे ट्रैक किनारे बुलाया और उसकी हत्या कर दी।