नीतीश शर्मा व अनुज पाल की फाइल फोटो।
लखनऊ। गोसाईंगंज में सोमवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गुडंबा की शिवपुरी कॉलोनी निवासी एलएलबी छात्र नीतीश शर्मा (23) व उनके दोस्त महानगर के जेपीसी कैंपस निवासी अनुज पाल (23) की मौत हो गई।
नीतीश के भाई महीप ने बताया कि नीतीश शनिवार शाम बाइक से पटना परीक्षा देने जाना चाहता था। उन्होंने उसे ट्रेन से जाने के लिए कहा था, पर वह नहीं माना। नीतीश के कहने पर अनुज ने अपनी मां रीता से दफ्तर के काम से लखीमपुर जाने का झूठ बोला। रविवार को पटना में परीक्षा देने के बाद दोनों नीतीश की बहन भारती के घर समस्तीपुर चले गए। रविवार रात करीब दो बजे दोनों लखनऊ के लिए निकले। बाइक नीतीश चला रहा था। सोमवार तड़के चांद सराय गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। राहगीरों ने गोसाईंगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सुबह करीब सात बजे नीतीश के मोबाइल से बहन भारती को घटना की जानकारी दी। भारती ने उन्हें सूचित किया। वह घरवालों के साथ गोसाईंगंज सीएचसी पहुंचे। उन्होंने अनुज के घरवालों को भी हादसे की सूचना दी।
झपकी आने पर हादसे की आशंका
पुलिस को आशंका है कि रात भर जागने के कारण नीतीश को झपकी आ गई और हादसा हो गया। इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है।
नीतीश शर्मा व अनुज पाल की फाइल फोटो।