मलिहाबाद। क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़े कंटेनर से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे रहीमाबाद के नत्था खेड़ा गांव निवासी शम्स गाजी (16) की मौत हो गई।
शम्स के चाचा नसीम ने बताया कि सोमवार सुबह भतीजा बाइक से दूध बेचने दुबग्गा मंडी गया था। सुबह करीब 10:00 बजे घर लौट रहा था। उसने हेलमेट पहन रखा था पर बाइक की रफ्तार तेज थी, जिस पर दूध के तीन कैन भी लदे थे। मलिहाबाद के सरावां गांव के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और कंटेनर से जा टकराई।
हादसे में भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहां उसकी मौत हो गई। चाचा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर रात से खराब खड़ा था। आरोप है कि गलत ढंग से कंटेनर खड़ा होने के कारण भतीजा देख नहीं सका और उससे टकरा गया।
एक वर्ष में पिता और बेटे की हादसे में गई जान
चाचा ने बताया कि एक वर्ष पहले शम्स के पिता नफीस की महमूद नगर गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। फिर शम्स भी छोड़कर चला गया। एक वर्ष में उठे दो जनाजे से घर में मातम छा गया। परिवार मां नफीसा, दो भाई अर्श और साद हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी शिकायत नहीं मिली है।
शम्स गाजी की फाइल फोटो।