लॉकडाउन के दौरान सुशांत गोल्फ सिटी में केजीएमयू के डॉ. वीके सिंह को गोली मारकर कार व मोबाइल फोन लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने एडीएम के बेटे यथार्थ सिंह उर्फ यश ठाकुर व उसके साथी आयुष सिंह गिरफ्तार किया है।
यश के पिता फिलहाल वक्फ बोर्ड में तैनात हैं। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय के मुताबिक बदमाशों ने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए डॉक्टर की कार लूटी थी। एसीपी कृष्णानगर दीपक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवध योजना के पास बदमाशों की घेराबंदी की जिस पर उन्होंने पुलिस पर हमला किया। जवाबी गोलीबारी में आयुष घायल हुआ है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी में वारदात 20 अप्रैल की रात चौधरी खेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई थी। केजीएमयू के डॉ. वीके सिंह अपने भतीजे के जन्मदिन की दावत से घर लौट रहे थे तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर कार व मोबाइल फोन लूट लिया था।
पहले भी कर चुके हैं कई वारदात
पुलिस आयुक्त के मुताबिक बदमाशों ने किसी बड़ी वारदात के लिए डॉक्टर की कार लूटी थी। पूछताछ में बदमाशों ने बताया है कि इससे पहले भी वह लूट की कई वारदातें कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टर को किसी योजना के तहत नहीं लूटा गया था। रात को घूमते हुए वह दिख गए और लूटपाट कर ली। बड़ी वारदात को अंजाम देने का इरादा किया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश कौन सी वारदात करने जा रहे थे।