लखनऊ। इंटरमीडिएट (विज्ञान वर्ग) और आईटीआई पास युवाओं के लिए पढ़ाई के साथ रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। लखनऊ क्षेत्रीय सेवायोजन विभाग और टाटा मोटर्स कंपनी की ओर से दो जनवरी को रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में डिप्लोमा इन माइक्रोट्रॉनिक्स कोर्स के लिए 500 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
चयनित युवाओं को दो वर्ष की पढ़ाई के दौरान प्रतिमाह 13,500 रुपये मानदेय दिया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि रोजगार मेला टाटा मोटर्स परिसर, गेट नंबर-2, इंडस्ट्रियल एरिया, देवा रोड स्थित मटियारी चौराहा, चिनहट में आयोजित होगा।
रोजगार मेले में 12वीं (विज्ञान वर्ग) में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त पुरुष अभ्यर्थी तथा आईटीआई के दो वर्षीय ट्रेड में 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से किया जाएगा।
अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार के समय सीवी की प्रतियां और मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। मेले में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क देय नहीं है। किसी असुविधा की स्थिति में टोल फ्री नंबर 155330 पर संपर्क किया जा सकता है।