उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उतर प्रदेश के नोएडा में मुंबई से बड़ी फिल्म सिटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं, अत्याधुनिक तकनीक और कलाकारों को सुरक्षित माहौल दिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सूचना भवन में उतर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग में उतर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
प्रदेश के कलाकार उतर प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में प्रदेश का नाम रौशन कर रहे हैं। वर्तमान सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाओं का पलायन न हो और अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हों। उन्होंने कहा कि फिल्म विकास परिषद का कार्यालय बन जाने से कलाकारों को हर प्रकार की जानकारी प्राप्त हो सकेगी और फिल्मों में रुचि रखने वाले कलाकारों को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि फिल्म विकास परिषद के कार्यालय बन जाने से प्रदेश में कार्य करने वाले कलाकारों को सुगमता से कार्य करने का अवसर मिलेगा। उतर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में एक भव्य फिल्म सिटी का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता एवं निर्देशकों को उतर प्रदेश में फिल्म उद्योग से संबंधित कार्यो के लिए आकर्षित करने तथा हर प्रकार की सुविधाएं वर्तमान सरकार द्वारा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिल्म में ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थल अधिक होने के कारण निर्माता एवं निर्देशकों को शूटिंग में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, निदेशक सूचना शिशिर, संयुक्त निदेशक विनोद कुमार पाण्डेय, हेमंत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।