लखनऊ। इटौंजा में सोमवार को तेज रफ्तार डाला किसान की साइकिल से टकरा गया। साइकिल डाला में फंसकर पांच सौ मीटर तक घिसटती चली गई। इससे साइकिल सवार किसान इटौंजा के नवरंगपुर निवासी जियालाल (65) की मौत हो गई।
जियालाल के बेटे मटरू लाल के मुताबिक, सोमवार सुबह दस बजे पिता साइकिल से टोल प्लाजा के पास स्थित ईंट भट्ठे पर कुछ काम से जा रहे थे। टोल प्लाजा के पास हादसा हो गया। लोगों के चिल्लाने पर आरोपी ने डाला रोक दिया। लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह धक्का देकर भाग निकला। डाला में फंसकर पांच सौ मीटर तक साइकिल घिसट जाने के कारण जियालाल के शरीर के हिस्से क्षत विक्षत हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में चार बेटे हैं। पत्नी सावित्री की छह महीने पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गई मजदूर की जान
उधर, काकोरी के समदा चौकी के पास रविवार को रात 11:30 बजे चकौली गांव निवासी साइकिल सवार मजदूर रामफूल गौतम (56) तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। रामफूल के परिवार में पत्नी विमला, बेटा अमित, अवनीश, सुबोध कुमार, सिद्धार्थ और अतुल गौतम हैं।