कार्यपरिषद की बैठक में मौजूद कुलपति, कुलसचिव व अन्य।
लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में कार्यपरिषद की पहली बैठक में करीब दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। इसमें कई अहम प्रस्तावों पर सदस्यों की सहमति बनी।
कुलपति प्रोफेसर मांडवी सिंह ने बताया कि विवि के नए कैंपस को लेकर प्रस्ताव का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। इस प्रस्ताव को शासन में भेजा जाएगा, वहां से हरी झंडी मिलने पर इस दिशा में तेजी से प्रयास किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से बख्शी का तालाब में चंद्रिका देवी मंदिर के पास और एक अन्य जगह पर जमीन चिह्नित की जा रही है। उन्होंने बताया कि विवि भविष्य में संबद्धता पर भी विचार कर रहा है। इस प्रस्ताव पर भी सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की। बैठक के दौरान नई शिक्षा नीति के अनुसार पाठ्यक्रमों से लेकर विद्या परिषद, वित्त समिति समेत कई अन्य प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
विवि की कुलसचिव सृष्टि धवन ने बताया कि अभी तक हमारे यहां के शोधार्थियों को छात्रवृत्ति की सुविधा नहीं मिल रही है। कुल 15 शोधार्थी हैं, जिनमें से तीन जेआरएफ हैं। बाकी 11 शोधार्थियों को भी छात्रवृत्ति देने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। इस दौरान अलग-अलग कमेटियों का भी अनुमोदन किया गया। नए पद सृजित करने पर भी कार्यपरिषद में विचार कर अनुमोदन किया गया। बैठक में विशेष सचिव संस्कृति रवींद्र कुमार प्रथम, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, डीन ज्ञानेंद्र बाजपेई, प्रो. उमा गर्ग, प्रो. मंजुला चतुर्वेदी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।