लखनऊ। ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रविवार को छात्र सुविधा केंद्र व लैंग्वेज लैब का तोहफा मिलेगा। राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल रविवार को यहां छात्र सुविधा केंद्र व अध्ययन केंद्र की बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगी। सुबह 11 बजे से आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी उपस्थित रहेंगे।
छात्र सुविधा केंद्र में विद्यार्थियों के लिए जहां हेल्थ सेंटर, फोटो कॉपियर, कैंटीन की सुविधा होगी, वहीं एनसीसी व एनएसएस का केंद्र भी यहीं खोला गया है। यहां आयोजन के लिए भी पर्याप्त जगह है और स्टेज भी बनाया गया है। इसके साथ ही पहले तल पर भी कमरे हैं, जिनका प्रयोग आगे अन्य सुविधाओं के लिए किया जाएगा। वहीं अध्ययन केंद्र की बिल्डिंग में लैंग्वेज लैब, रीडिंग रूम की सुविधाएं मिलेंगी। लैंग्वेज लैब में फ्रेंच, जर्मन, जापानी, कोरियन भाषा से जुड़े कोर्स शुरू होंगे। यहां लाइब्रेरी भी प्रस्तावित है, जिसके लिए किताबें मंगवाई जा चुकी हैं। इसी बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ से जुड़े कार्यक्रम होंगे जबकि प्रथम तल पर रूसा से जुड़े आयोजन होंगे।
वन व्यू एप का होगा विमोचन
राज्यपाल व उप मुख्यमंत्री कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के नए लोगो व झंडे का और छात्र सुविधा के लिए वन व्यू एप का भी विमोचन करेंगे। इस एप से विद्यार्थी एक जगह पर सारी सूचनाएं प्राप्त कर सकेंगे। यहां पर उन्हें रिजल्ट से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी।
दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ को मिलेगी गति
विश्वविद्यालय में तैयार अध्ययन केंद्र बिल्डिंग में दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ को जगह दी गई है। साथ ही इससे जुड़े कार्यक्रमों, शोध, लेक्चर को गति देने के लिए भी काम होगा। हाल में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इसको गति देने के लिए नई संचालन समिति का भी गठन किया है, जिसमें प्रो. चंदना डे को निदेशक बनाया गया है।