लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में भारत बौद्धिक्स 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा-2026 की तैयारी के लिए सोमवार से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो गईं। प्रतिदिन दोपहर दो से तीन बजे तक गूगल मीट के माध्यम से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की ओर से इस परीक्षा का आयोजन 21 नवंबर को होगा। इसमें स्नातक और परास्नातक के विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। विश्वविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। अब तक 758 विद्यार्थियों ने यहां परीक्षा केंद्र चुना है। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में होगी। मुख्य नोडल अधिकारी डॉ. रुचिता सुजय चौधरी ने बताया कि कक्षाओं में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, दर्शन और परंपराओं से जुड़े विषयों की जानकारी दी जा रही है। कुलसचिव विकास के अनुसार, इसका उद्देश्य परीक्षा की तैयारी के साथ विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति समझ विकसित करना भी है।