प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ निर्यातकों को जल्द ही जनेश्वर निर्यात पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए शुरू की गई इस पुरस्कार योजना के तहत वर्ष 2011-12 के लिए 120 आवेदन आए हैं। विजेताओं का चयन इसी माह कर लिया जाएगा।
लघु उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने मंगलवार को यह घोषण की। उन्होंने कहा कि एमडीए योजना को पारदर्शी बनाने और समय की बचत के लिए आनलाइन आवेदन फाइलिंग की व्यवस्था शुरू हो गई है।
इससे निर्यातकों को सुविधा मिलेगी। प्रदेश में निर्यात की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक प्रतिनिधि मंडल जापान गया और कोबे इंडिया मेले में भाग लिया।
प्रदेश के चर्म, हस्तशिल्प व कालीन क्षेत्र के उद्यमियों का जापानी एजेंसियों के साथ निर्यात संबंध स्थापित करने का प्रयास चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक संकेतकों (जीआई) के पंजीकरण के लिए निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इसमें आगरा दरी, फर्रुखाबाद कॉटन प्रिंट और लखनऊ जरी दरदोजी को जीआई रजिस्ट्री द्वारा पंजीकृत किया गया है।