मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर की बीएड छात्रा मधुलिका मिश्रा की हार्ट सर्जरी के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 9.90 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। सीएम योगी ने मछली गांव, कैंपियरगंज (गोरखपुर) निवासी मधुलिका के पिता राकेश चंद्र मिश्रा को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।
मधुलिका के हृदय के दोनों वाल्व खराब हो गए हैं। धनाभाव के कारण उसकी सर्जरी संभव नहीं हो पा रही थी। मुख्यमंत्री ने मेदांता अस्पताल द्वारा बनाए गए एस्टीमेट के अनुरूप 9.90 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत किए हैं। सीएम योगी ने उम्मीद जताई है कि ऑपरेशन के बाद के बाद मधुलिका शीघ्र स्वस्थ होकर आगे की पढ़ाई जारी रख सकेगी।
गौरतलब है कि बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा मधुलिका को कुछ दिन पहले सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके बाद छात्रा के परिवारवालों ने उसे मेदांता अस्पताल में दिखाया। यहां डॉक्टरों ने दिल के दोनों वॉल्व खराब होने की जानकारी दी।
डॉक्टर्स का कहना था कि ऑपरेशन के जरिए दोनों वॉल्व बदले जा सकते हैं। इसमें तकरीबन 10 लाख रुपये का खर्च आएगा। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रा ने सीएम और पीएम को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी। इसकी जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने विवेकाधीन कोष से मधुलिका के इलाज पर खर्च होने वाली राशि की मंजूरी दे दी।